पुलिस पर हमलों को लेकर एडीजी सख्त
ललितपुर। जिले के दौरे पर पहुंचे एडीजी अविनाश चंद्र ने शहर कोतवाली पहुंचकर लोगों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस पर हमला करने वालों को सख्त हिदायत देते हुए कानून अपने हाथ में न लेने की नसीहत दी। इसके अतिरिक्त पुलिस पर हमला करने के लिए उकसाने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिले के विभिन्न थानों का निरीक्षण करने के बाद पहुंचे अविनाश चंद्र ने कोतवाली पहुंचकर आम लोगों ने संवाद किया। इस दौरान लोगों ने उनको समस्याएं बताईं और ज्ञापन सौंपे। इस दौरान उन्होंने कानून को अपने हाथ में न लेने की नसीहत दी। उन्होंने बताया कि पुलिस पर हमला करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए। पिछले पांच साल के दौरान हुए पुलिस पर हमले के मामलों में आरोपियों को चिह्नित कर उन पर कार्रवाई की जाए। इसके लिए उन्होंने बताया कि कुछ लोग ही पुलिस पर हमला करने के उकसाते हैं, ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जाए। वहीं, पुलिस को भी नसीहत दी गई है कि पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने और भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें आने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि शासन से सभी लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने के निर्देश मिले हैं। रिपोर्ट दर्ज करवाने का सभी नागरिकों को अधिकार है, लेकिन झूठी रिपोर्ट दर्ज न करवाएं। झूठी रिपोर्ट दर्ज करवाने पर वादी पर भी कार्रवाई की जाएगी।
इसके उपरांत एडीजी ने शहर के प्रमुख बाजारों में पैदल मार्च किया और व्यापारियों से बात की। इसके उपरांत उन्होंने कोतवाली का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोतवाली के कागजातों के रखरखाव और सभी कार्यालयों को देखा। वहीं, पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने बताया कि दबाव में आकर पुलिस कर्मियों को निलंबित नहीं किया जाएगा। यदि कोई पुलिसकर्मी दोषी पाया जाता है तो उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जाखलौन और झांसीपुरा में हुई पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट के मामले में उन्होंने बताया कि मुख्य पीड़ित द्वारा शिकायत दर्ज करवाने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। किसी तीसरे व्यक्ति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया जाएगा। मानक के अनुरूप कम पुलिस बल के सवाल पर उन्होंने बताया कि उपलब्धता के अनुसार जा पुलिस मुहैया कराई जा रही है। आगामी वर्षों में नई भर्तियां होने पर पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध हो जाएगा।
----
दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की जाए
ललितपुर। शहर कोतवाली अंतर्गत मुहल्ला झांसीपुरा निवासी मुहल्लेवासिंयों ने दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की करने व निर्दोष लोगों फर्जी फसाने से बचाने की मांग को लेकर एडीजी जोन कानपुर को सौपा। जिसमें बताया कि 22 अक्टूबर को दोपहर को कुछ पुलिस कर्मियों द्वारा मुहल्ले में शराब पीने के लिए आए। जिन्हें मुहल्ले के राहुल तनय लक्ष्मी ने देखकर चिल्लाने लगा। जिस पर आरोपी पुलिस कर्मियों गाली-गलौज करने लगे। जिसका विरोध करने पर मारपीट करने लगे। शोर सुनकर आस पास के लोग को आता देखकर फर्जी मुकदमा में फसाने की धमकी देते हुए भाग गए। मुहल्लेवासियों ने कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन पर नंदकिशोर, संजू, ज्योति, सोनू, रामकली, रेखा, रीना, मनोज, संदीप, अजय,मीना, महबूब, नाथूराम, हेमलता, रियाज, बादल, छोटू, लीला, दीपमाला आदि के हस्ताक्षर रहे।
---
पुलिसकर्मी पर हमला करने की रिपोर्ट दर्ज
ललितपुर। रविवार को झांसीपुरा में हुए बवाल और पुलिसकर्मियों की पिटाई के मामले में पुलिस ने तीन नामजद समेत दस अज्ञात मोहल्लेवासियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज ली है। पिसनारी बाग निवासी सिपाही मनोज कुमार पुत्र राजेंद्र ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह रविवार की दोपहर एक बजे अपने मित्र बंटी के साथ उसकी मोटरसाइकिल पर सवार होकर झांसीपुरा निवासी फर्नीचर मिस्त्री नरेंद्र के घर गया हुआ था। इसी दौरान बातों में व्यस्त होने के कारण मोहल्ले के ही सलमान और राहुल मेरे दोस्त की बाइक चोरी से ले गए। जानकारी होने पर उसने आरोपियों को फोन किया। इसके बाद लगभग आधा घंटे बाद वापस लौटने पर जब मैने थाने चलने को कहा तो आरोपी गाली-गलौज कर मारपीट पर आमादा हो गए। कुछ देर बाद राहुल और फुल्ला, सलमान के साथ आए और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान फुल्ला ने गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया और राहुल ने पत्थरों से हमला कर दिया। इसके अलावा अन्य दस साथी भी मारपीट करने लगे। इस दौरान आरोपियों ने उसके गले में पहनी 65 मोती की रुद्राक्ष की माला लूट ली। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।