-----------------
सिविल इंजीनियरिंग के छात्र ने की आत्महत्या
-- चंद्रभागा नदी किनारे पुलिस को मिला शव, घटनास्थल से जहरीले पदार्थ की शीशी हुई बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। ढालवाला में एक निजी इंस्टीट्यूट के इंजीनियर के एक छात्र ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस को मौके से जहरीले पदार्थ की शीशी भी मिली है। हालांकि, अभी आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। मुनिकीरेती थाना पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे ढालवाला के लोगों ने चंद्रभागा नदी किनारे एक शव पड़े होने की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आसपास के लोगों को बुलाकर शव की पहचान कराने की कोशिश की, तो उसकी शिनाख्त संदीप कुमार 23 पुत्र जसपाल सिंह निवासी ग्राम कोट, पट्टी दोहन, घनसाली, टिहरी के रूप में हुई।
थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष उपाध्याय ने बताया कि संदीप अपने रिश्ते के भाई दिनेश के साथ मुनिकीरेती नगर पालिका के राजीव ग्राम में किराए के मकान में रह रहा था। वह ढालवाला में एक निजी इंस्टीट्यूट में सिविल इंजीनियरिंग का छात्र था। बीते रविवार को संदीप भाई दिनेश को ढालवाला में किसी दोस्त के यहां जाने की बात कहकर घर से निकला था। बताया कि आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। मामले की जांच की जा रही है। परिजनों को सूचित कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।