दिनदहाड़े य़ुवक की धारदार हथियार से हत्या
घी बेचने शहर आया था, रमगढ़ा गांव निवासी कारोबारी
घटना को संदिग्ध मान पुलिस कर रही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर।
शहर कोतवाली अंतर्गत मवेशी बाजार में परिजनों के साथ घी बेचने आए युवक की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। हमलावर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार गिरार थानाक्षेत्र के रमगढ़ा गांव निवासी शिवराज पुत्र भागीरथ लोधी (23 वर्ष) बृहस्पतिवार की सुबह अपने चाचा माखन व भतीजे के साथ घी बेचने के लिए शहर आया हुआ था। इसी दौरान कैलगुवां तिराहे के पास उसका दो अज्ञात लोगों से विवाद हो गया। इन ज्ञात लोगों ने उसकी छाती व पेट पर नुकीले हथियार से प्रहार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह देख परिजन आनन-फानन में उपचार के लिए जिला अस्पताल लाए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी अवधेश सिंह चौहान जिला अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से पूछताछ कर छानबीन शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों ने पुलिस को अभी तहरीर नहीं दी है। वहीं पुलिस की पूछताछ के दौरान मृतक के परिजनों के बयान और छानबीन के दौरान सामने आए अलग-अलग तथ्यों को ध्यान में रखते हुए पुलिस इस घटना को संदिग्ध मानकर चल रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
चाचा और भतीजे ने बताई अलग-अलग सच्चाई
जानकारी के अनुसार मृतक शिवराज व उसका चाचा माखन घी बेचने का कारोबार करते चले आ रहे हैं। चाचा शिवराज ने बताया कि वह बृहस्पतिवार की सुबह घी बेचने के लिए 14 वर्षीय शिवराज के भतीजे राघवेन्द्र के साथ बाइक पर सवार होकर मडा़वरा आए, जहां उन्होंने बाइक को सुधरवाने के लिए मिस्त्री को दे दिया और अन्य साधन से तीनों लोग शहर स्थित कैलगुंवा तिराहे पर उतर गए, जहां माखन बाथरूम जाने के लिए चला गया। भतीजा तिराहे पर ही बैठ गया। इसी दौरान शिवराज पैदल ही कच्ची शराब के ठिकाने की ओर चला गया। उसकी दो लोगों से झड़प होते देख वह उसे बचाने पहुंचा, उससे पहले ही दो अज्ञात आारोपियों ने उसके छाती व पेट पर नुकीले हथियार से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
वहीं मृतक के भतीजे राघवेन्द्र ने बताया कि वह बुधवार की सुबह शिवराज व माखन के साथ घी बेचने आया हुआ था। बुधवार को समय अधिक हो जाने के कारण गांव जाने के लिए साधन न मिलता देख तीनों लोग रेलवे स्टेशन जा पहुंचे जहां उन्होंने रात गुजारी। सुबह होते ही घर जाने के लिए गांव जाने वाले साधन की तलाश में वह कैलगुंवा तिराहे के पास पहुंच गए, जहां वह साधन के इंतजार में बैठ गया और शिवराज व माखन पैदल जाने लगे। यह जानकारी होने के बाद जब पुलिस ने सख्ती से माखन से पूछताछ की तो माखन ने बताया कि शिवराज और वह पैदल ही कच्ची शराब लेने के लिए जा रहे थे, तभी वह रास्ते में बाथरूम के लिए रूक गया। इसी बीच दो अज्ञात लोगों ने वारदात को अंजाम दे डाला। पुलिस ने चाचा और भतीजे के अलग-अलग बयानों को देखते हुए घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक के साथ आए लोगों से पूछताछ में घटना के संबंध में अलग- अलग बयानों से घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। वहीं घटना स्थल पर खून के कोई निशान न मिलने से यह गुत्थी और भी उलझ गई है। पुलिस ने गांव और घटना स्थल के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर छानबीन शुरू कर दी है। परिजनों ने फिलहाल अभी कोई तहरीर नही दी है।