बुरी नीयत से दबोचा
ललितपुर। शहर के एक मुहल्ला निवासी एक महिला ने मुख्यमंत्री को भेजे प्रार्थना पत्र में एक व्यक्ति पर बुरी नीयत से पकड़ छेड़छाड़ करने और बलात्कार करने की कोशिश का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मुख्यमंत्री को भेजे प्रार्थना पत्र में बताया कि एक व्यक्ति आए दिन उससे फोन पर अशोभनीय बातें करते हुए गालीगलौज करता है। 26 अगस्त की रात जब उसने मोबाइल बंद कर लिया तो वह उस दिन रात्रि में उसके घर जबरन घुस आया और उसके साथ बलात्कार का प्रयास करने लगा। चीखने चिल्लाने पर पड़ोस के कुछ लोग आ गए, जिस पर वह उसे धमकी देते हुए भाग गया। पीड़िता ने सीएम से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
दबंगों पर आराजी कब्जा का आरोप
ललितपुर। तहसील महरौनी अंतर्गत ग्राम बानपुर निवासी मनुआ ने मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भेजकर उसकी जमीन पर कुछ दबंगों द्वारा जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया है। बताया गया कि उसकी आराजी बानपुर के ग्राम बानौनी मौजा में स्थित है। वह संक्रमणीय भूमिधर है और मौके पर काश्त करता चला आ रहा है। मेड़ बंधी संबंधी विवाद होने के कारण हदबंदी 25 मई को कानूनगो लेखपाल द्वारा मौके पर जाकर नाप की गई और उसकी आराजी की हदबंदी कर दी गई है। उसने अपने खेत में ज्वार, उड़द की फसल बोई थी, जिसे उसके ही गांव के दबंग फसल को पहले ट्रैक्टर चलाकर जोत दी थी, अब जब उसने दोबारा फसल बोई है। उक्त व्यक्तियों ने उसकी हदबंदी वाली जमीन के चीरे उखाड़ फेंक दिए और ज्वार की फसल व उड़द की फसल मवेशियों द्वारा नष्ट करवा रहे हैं। मना करने पर गालियां देते हुए मारपीट पर आमादा हो गए। पीड़ित ने सीएम से जमीन पर कब्जा करने व फसल नष्ट करने से रोकने और जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।