कुएं में गिरने से युवक की मौत
पूर्व प्रधान के घर रहता था महाराष्ट्र का युवक
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम कोटरा में कुआं में गिरने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महाराष्ट्र के भुसावल निवासी मयूर (24) पुत्र दलीप थाना जखौरा के ग्राम कोटरा में करीब आठ-नौ माह से पूर्व प्रधान छोटे लाल के घर रहकर जीवन यापन कर रहा था। मंगलवार की दोपहर में वह घर के पास ही कुएं पर मोटर चलाकर नहाने के लिए गया था और वह कुआं में जा गिरा। जब कुछ देर तक वह नजर नहीं आया तो पूर्व प्रधान के परिजनों व पास में मौजूद लोगों ने उसकी तलाश की तो वह कुएं में पड़ा मिला।
पूर्व प्रधान ने बताया कि वह तैरना नहीं जानता था और पैर फिसलने से वह गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि युवक उन्हें अगस्त में तालबेहट के पास सड़क पर भटकता मिला था। उसने बताया था कि उसके माता- पिता और परिवार में भी कोई नहीं है। इस पर वह उसे अपने साथ ले आए थे और घर के सदस्य की तरह रखते थे। थानाध्यक्ष बृषभान सिंह ने बताया कि उक्त युवक की कुएं में गिरने से मौत होना बताया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।