ललितपुर। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम होने का नाम नहीं ले रही है। आए दिन संक्रमण का दायरा बढ़ता जा रहा है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सैंपलों की जांच की। इसमें एसीएमओ समेत 58 लोग कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं।
जनपद में कोरोना वायरस बेकाबू होता नजर आ रहा है। यहां पर दो सप्ताह से आए दिन संक्रमण की रफ्तार बढ़ रही है। बढ़ते वायरस के प्रकोप के चलते लोग सहमें हैं। चिकित्सक संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण कराने और कोविड गाइड लाइन का पालन करने की सलाह दे रहे हैं।
शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा संक्रमितों को चिह्नित करने के लिए 1880 सैंपल लिए गए। इनमें आरटीपीसीआर किट से 861 व एंटीजन किट से 1019 सैंपल लिए गए। बीते दिनों की आरटीपीसीआर किट के आए सैंपल की जांच में 49 व्यक्ति व एंटीजन किट आई जांच रिपोर्ट में नौ व्यक्ति कोविड पॉजिटिव पाए गए। संक्रमितों में एसीएमओ, डीपीएम, जिला अस्पताल के एक चिकित्सक, तीन पुलिस कर्मी, ब्लॉक बिरधा कस्बा निवासी पांच, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जखौरा के पांच स्वास्थ्य कमी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट की एक चिकित्सक समेत 58 व्यक्ति कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी को होम आइसोलेशन में भर्ती किया गया है। वर्तमान में एक्टिव मरीजों की संख्या 212 हो गई है।
शनिवार को 1880 सैंपल की जांच में 58 लोग कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी को होम आइसोलेशन में भर्ती किया गया है। - डॉ. जीपी शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी