ललितपुर। क्षेत्राधिकारी महरौनी आफताब आलम बुधवार की रात मसौरा गांव के पास घायलावस्था में पड़े मिले। उनके घायल होने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। गंभीर हालत में उनको मेडिकल कालेज झांसी के लिए रेफर कर दिया गया।
बुधवार की रात करीब डेढ़ बजे सीओ महरौनी आफताब आलम को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में लाया गया। चिकित्सकों ने सीओ को गंभीर हालत में उन्हें झांसी रेफर कर दिया। सीओ के घायल होने की सूचना पर रात में ही जिला अस्पताल में अपर पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी पहुंचे और उनके बारे में जानकारी ली। हालांकि जानकारी मिली है कि उन्हें झांसी मेडिकल कालेज में होश आ गया है,
लेकिन वह किसी से बात नहीं कर पा रहे हैं। जिससे उनके घायल होने के कारणों का पता नहीं लग पाया है। घटना की जानकारी सबसे पहले महरौनी कोतवाली प्रभारी को हुई, वहां से जानकारी बाकी अधिकारियों को हुई।
संदेहजनक है घटनाक्रम
रात को डेढ़ बजे सीओ महरौनी आफताब आलम का मसौरा गांव के पास घायलावस्था में मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैँ। आधी रात के बाद महरौनी सीओ मसौरा गांव के पास क्या करने गए थे ? जबकि यह क्षेत्र उनके कार्यक्षेत्र से बाहर है। वहीं, दुर्घटना के समय वह सादा लिबास में थे, ऐसे में किसी गुप्त सूचना पर छापामारी करने की आशंका भी नहीं है।
जिस वक्त रात में सीओ महरौनी को जिला अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया, वह बेहोशी हालत में थे, इसलिए उनसे घटनाक्रम के बारे में कोई पूछताछ नहीं हो सकी। अभी तक केवल घटनाक्रम को लेकर तरह-तरह के कयास ही लगाए जा रहे हैँ।
नहीं दी थी कोई सूचना
किसी घटना की जानकारी या किसी अपराधी पर दबिश देने संबंधी कोई सूचना सीओ महरौनी ने अपने उच्चाधिकारियों व अधीनस्थों को नहीं दी थी। पुलिस विभाग के पास सीओ महरौनी के घटनास्थल पर पहुंचने अथवा घायल होने के संबंध में कोई पुख्ता जानकारी नहीं है। ठंड के मौसम में सीओ का मोटरसाइकिल से अपने आवास से करीब 10 किलोमीटर जाना भी घटनाक्रम को उलझा रहा है।
पूछताछ जारी
बृहस्पतिवार को पुलिस अधिकारियों ने कुछ लोगों से पूछताछ की, जिनमेें कुछ महिलाएं भी शामिल हैं। लंबे समय तक चली इस पूछताछ को भी गुप्त रखा गया है। महिलाओं व अन्य लोगों से किस मामले में पूछताछ चल रही है, इसको लेकर कोई पुलिस अधिकारी जानकारी उपलब्ध नहीं करा पाए। हालांकि, सूत्रों को कहना है कि यह पूछताछ सीओ महरौनी के घायल होने की घटना के सबंध में की गई।
इनका कहना है
सीओ महरौनी जिला अस्पताल में बेहोशी की हालत में लाए गए थे। उनसे घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। सीओ अब होश में आ गए हैं, लेकिन बातचीत करने की स्थिति में नहीं है। उनके ठीक होने पर ही घटना के बारे में जानकारी प्राप्त की जाएगी।
-सुधा सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, ललितपुर।