संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले गंभीर और बहुदिव्यांग बच्चों को विद्यालय तक पहुंचने में होने वाली परेशानी दूर करने के लिए अब उनको एस्कार्ट अलाउंस के रूप में 600 रुपये मिलेंगे। डीबीटी के जरिए यह धनराशि दस महीने तक दी जाएगी।
जनपद में 1357 परिषदीय विद्यालय हैं। इनमें करीब 1.36 लाख बच्चे अध्ययनरत है। इनमें करीब 1550 दिव्यांग छात्र-छात्राएं शामिल हैं। विद्यालयों में दिव्यांग बच्चों की उपस्थिति शत-प्रतिशत करने और गंभीर और बहुदिव्यांग बच्चों को विद्यालय तक पहुंचने में होने वाली परेशानी दूर करने के लिए शासन ने एस्कार्ट अलाउंस देने की पहल की है। जिला समन्वयक सुजीत वर्मा ने बताया कि इसमें कक्षा एक से आठ तक के पूर्ण दृष्टि दिव्यांग, बौद्धिक दिव्यांग, सेरेब्रल पाल्सी, बहु दिव्यांग और जापानी इंसेफलाइटिस (जेई) और एक्यूट इंसेफलाइटिस सिंड्रोम (एईएस) से प्रभावित छात्र-छात्राएं पात्र रहेंगे। एक्सकाॅर्ट एलाउंस का लाभ लेने के लिए पात्र छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित रहना भी जरूरी होगा।