ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नेहरूनगर में बाईपास मार्ग पर स्थित राजकीय संप्रेक्षण गृह से शुक्रवार की रात भागे पांच किशोरों में से दो को पुलिस ने पकड़ लिया जबकि अभी तीन की तलाश जारी है। इस मामले में
कोतवाली पुलिस ने पांचों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के नेहरूनगर चौकी अंतर्गत सिद्घन बाईपास स्थित राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) प्रभारी सहायक अधीक्षक ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बीते 24 सितंबर की देर रात में राजकीय संप्रेक्षण गृह में निरुद्घ पांच किशोर क्वांरटीन कक्ष में लगे लोहे की चादर के दरवाजे को टेढ़ा करके संस्था से भाग गए। इनमें मध्य प्रदेश के जिला विदिशा अंतर्गत गंजबासौदा निवासी 14 वर्षीय एवं 16 वर्षीय किशोर आरोपी हैं, जो ललितपुर के नारहाट में चोरी के मामले में आए थे। वहीं तीन किशोर आरोपियों में जिला जालौन के थाना उरई अंतर्गत 16 वर्षीय किशोर, 12 वर्षीय एवं 16 वर्षीय किशोर शामिल हैं, जिन पर फर्जी दस्तावेजों से धोखाधड़ी के मामले में किशोर न्याय बोर्ड ललितपुर के आदेश से 16 सितंबर और ललितपुर नाराहट क्षेत्र के दोनों आरोपियों को 21 सितंबर को संप्रेक्षण गृह संस्था में दाखिल कराए गए थे। कोतवाली पुलिस ने प्रभारी सहायक अधीक्षक की तहरीर के आधार पर पांचों किशोर आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धारा में रिपोर्ट दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस ने नाराहट चोरी के मामले के गंजबसौदा निवासी दो आरोपियों केे गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपी अब भी फरार चल रहे हैं।
तीन पुलिस कर्मी निलंबित
राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) से पांच किशोर आरोपियों के क्वारंटीन रूम के पीछे का लोहे का गेट उखाड़कर भागने के मामले में लापरवाही तीन पुलिस कर्मियों हैड कांस्टेबिल आशाराम, बीपी सिंह एवं अखंड कुमार को पुलिस अधीक्षक ने निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ प्रारंभिक जांच भी कराने के आदेश दिए हैं।
------
राजकीय संप्रेक्षण गृह के क्वारंटीन रूम का गेट टेढ़ा करके पांच किशोर आरोपियों के पलायन करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है। इसके साथ ही लापरवाह तीन पुलिस कर्मियों को निलंबित किया है और इसकी प्रारंभिक जांच कराने के निर्देश भी दिए हैं। निखिल पाठक, पुलिस अधीक्षक ललितपुर।