ललितपुर। नेहरू नगर स्थित राजकीय संप्रेक्षण गृह में विभिन्न अपराधों में लिप्त 42 आरोपी किशोरों को निरुद्ध किया गया है। वहीं, यहां के सीसीटीवी कैमरे खराब हैं। ऐसे में पांच किशोरों के भागने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
संप्रेक्षण गृह के चारों ओर से ऊंची बाउंड्रीवॉल और बाउंड्री पर कंटीले तार हैं। पीछे की ओर कई एकड़ जमीन में सात से आठ फुट तक कंटीले तारों की फैंसिंग की गई है। ऐसे में संप्रेक्षण गृह में अंदर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के बाद भी पांच किशोरों का भागना संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान उठा रहा है। संप्रेक्षण गृह में सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, लेकिन अधिकांश सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े हैं। सिर्फ एक सीसीटीवी कैमरे ठीक बताया जा रहा है। क्वारंटीन रूम में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है।
किशोरों ने संप्रेक्षण गृह के पीछे क्वारंटीन रूम का लोहे वाला जालीनुमा गेट ही उखाड़ दिया और उसके नीचे से निकलकर भागने में सफल भी हो गए। लोहे का जालीनुमा गेट उखाड़ना उनके लिए आसान नहीं रहा होगा। संप्रेक्षण गृह में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती भी की गई है। मौके पर होमगार्ड और पुलिस गारद मौजूद थी, जो संप्रेक्षण गृह के भीतर हर कोने पर नजर रखते हैं और गश्त भी करते हैं। संप्रेक्षण गृह के चारों ओर पर्याप्त लाइटिंग भी की गई है, लेकिन पांचों का एक साथ भागना इस ओर भी इशारा करता है कि सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों एवं जिम्मेदारों की घोर लापरवाही रही है।
मजिस्ट्रियल जांच की सिफारिश की
राजकीय बाल संप्रेक्षण गृह से पांच किशोरों के भागने के मामले में जिला प्रोबेशन अधिकारी सुरेंद्र पटेल ने बताया कि उन्होंने जिलाधिकारी से मजिस्ट्रियल जांच कराए जाने की सिफारिश की है। संभावना जताई जा रही है कि जिलाधिकारी द्वारा जल्द ही निर्णय लिया जाएगा।
योजना बनाकर भागे पांचों किशोर
मौके के हालात बता रहे हैं कि पांचों किशोर योजना बनाकर मौके से भागे हैं। गेट को तोड़ने के लिए उनकी तैयारियां बता रही हैं कि सभी ने एक जुट होकर योजना बनाई। इसके बाद उसे आराम से अंजाम भी दिया।
एक किशोर तक पहुंची पुलिस
संप्रेक्षण गृह से पांच किशोरों के भागने की घटना के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई। सीओ सिटी फूूलचंद और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश चौबे मौके पर पहुंचे। घटना की जांच की। पुलिस अधीक्षक निखिल पाठक के निर्देश पर एसओजी टीम भी सक्रिय हो गई। बताया जा रहा है कि एसओजी व कोतवाली पुलिस फरार हुए एक किशोर तक पहुंच गई है, जल्द ही उसकी गिरफ्तारी होने की उम्मीद जताई जा रही है। जिला प्रोबेशन अधिकारी सुरेंद्र पटेल ने बताया कि वह इस घटना की मजिस्ट्रियल जांच कराने के लिए डीएम से बात कर रहे हैं।
चोरी के मामले में आरोपी पांच किशोर संप्रेक्षण गृह में पीछे क्वारंटीन में रखे गए थे, जो वहां से पलायन कर गए हैं। इनमें तीन उरई के और दो ललितपुर के हैं। संप्रेक्षण गृह प्रभारी द्वारा पांचों का विवरण दिया है, इसके तहत आरोपियों को मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है। टीमों को रवाना कर गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। आरोपी कैसे भागे इसकी जांच की जा रही है।
गिरजेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक, ललितपुर।