ललितपुर। पुलिस प्रशासन ने शहर में सुरक्षा की दृष्टि से विभिन्न चौराहों व तिराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए थे लेकिन देखरेख के अभाव में सभी कैमरे शोपीस बन गए हैं। डेढ़ वर्ष से अधिक समय से कैमरे खराब पड़े हैं, जबकि कुछ कैमरे तो क्षतिग्रस्त भी हो गए हैं। ऐसे में कोई घटना होने पर पुलिस को भवनों व दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद लेनी पड़ रही है।
शहर में सुरक्षा की दृष्टि से करीब पांच वर्ष पहले घंटाघर, सावरकर चौक, रेलवे स्टेशन, तुवन चौराहा, आजाद चौक, तहसील तिराहा, वर्णी चौराहा, कलक्ट्रेट चौराहा समेत विभिन्न स्थानों पर करीब 24 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। इसके लिए पुलिस लाइन में एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जहां से पूरे शहर की गतिविधि पर नजर रखी जा सकती थी लेकिन यह सीसीटीवी कैमरे करीब डेढ़ वर्ष से अधिक समय से खराब पड़े हैं। इसके चलते शहर में चोरी, छिनैती व अन्य घटनाएं इन चौराहों पर लगाए गए कैमरों के सामने होने के बाद भी अपराधियों का पता नहीं सकता है। इसकी वजह कैमरे खराब होना है। कई कैमरे तो क्षतिग्रस्त भी हो गए हैं। ऐसे में यदि कोई घटना हो जाती है तो पुलिस प्रशासन को खुद के कैमरों को छोड़ उक्त स्थानों के आसपास दुकानदारों या भवनों में लगे कैमरों को खंगालना पड़ता है, लेकिन कई बार दुकानों या भवनों के कैमरे काफी नीचे लगे होने या काफी दूर होने की वजह से घटना की जगह जानकारी नहीं लग पाती है और अपराधियों के हौसले बुलंद रहते हैं। जबकि व्यापारी और शहर के लोग अपने को असुरक्षित महसूस करते हैं।
--------
शहर में लगे कैमरे अच्छी क्वालिटी के नहीं लगाए गए हैं और अब खराब भी हैं, जो सफेद हाथी साबित हो रहे हैं। इसके लिए शहर में अच्छी क्वालिटी के कैमरे लगाए जाने चाहिए। नरेंद्र कड़ंकी, अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल।
चौराहों पर लगाए गए कैमरे संबंधित विभाग को जल्द ठीक कराना चाहिए। कैमरे सही नहीं होने से दुकानों व घरों में चोरियों व अन्य प्रकार की घटनाएं होने पर सही जानकारी नहीं लग पाती है। कैमरे सही होंगे तो घटनाओं के खुलासे में भी मदद मिल सकेगी। वैभव जैन, व्यापारी।
शहर में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब होने के संबंध में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक से रिपोर्ट ली जाएगी और कैमरे सही कराने के संबंध में बात की जाएगी। इसके बाद जल्द ही सभी कैमरों को सही कराया जाएगा। रामरतन कुशवाहा, सदर विधायक।
चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत कराने के लिए बजट की मांग की गई है। बजट उपलब्ध होने पर सभी कैमरे सही कराए जाएंगे। अभी भी पुलिस चौराहों पर नजर रख रही है। निखिल पाठक, पुलिस अधीक्षक।
वर्णी चौराहे का कैमरा पड़ा खराव- फोटो : LALITPUR
घंटाघर का कैमरा खराव- फोटो : LALITPUR
तुवन चौराहे का कैमरा खराव- फोटो : LALITPUR