ललितपुर। शहर के सावरकर चौक स्थित भाजपा जिलाध्यक्ष की पेंट की दुकान पर स्कूटी से जा रही युवती को सिपाही ने रोककर चालान करने की चेतावनी दे दी। जानकारी पर पहुंचे जिलाध्यक्ष की सिपाही से नोकझोंक हो गई। मामला तूल पकड़ने पर कोतवाल और सीओ पर पहुंचे और विवाद बढ़ता देख आरोपी सिपाही को मौके से हटा दिया। जिलाध्यक्ष की तहरीर पर एसपी ने सिपाही को निलंबित कर दिया।
मंगलवार की शाम को एक युवती सावरकर चौक स्थित भाजपा जिलाध्यक्ष की पेंट की दुकान पर स्कूटी से कुछ सामान लेने जा रही थी। आरोप है कि तभी वहां ड्यूटी पर लगे एक सिपाही ने उसे रोक लिया और चालान करने की धमकी दी। जिस पर उक्त युवती दुकान पर बैठे भाजपा जिलाध्यक्ष के पास पहुंची और सिपाही की शिकायत की, तो उन्होंने सड़क पर खड़े सिपाही से इस मामले में बात की, दोनों में नोकझोंक होने लगी। जिस पर वहां भीड़ एकत्रित हो गई। जानकारी मिलने पर सीओ सिटी फूलचंद और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा भी वहां पहुंच गए और पूरी घटना की जानकारी लेते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया।
तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर बताया कि सिपाही दुकान पर आया और अशिष्टता पूर्ण व्यवहार किया। मामले में सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने एक सिपाही पर अभद्रता करने की शिकायत की थी। इस मामले में सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया। इसकी जांच सीओ सिटी को सौंपी है। रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी।-निखिल पाठक, एसपी