ललितपुर। नवनिर्मित बहुउद्देशीय वातानुकूलित हॉल का शुभारंभ बृहस्पतिवार को जनप्रतिनिधियों व अफसरों की मौजूदगी में फीता काट कर हुआ। राज्यमंत्री श्रम एवं सेवायोजन मनोहर लाल पंथ ने कहा कि सरकार के कार्यकाल में जनपद में विकास की लहर आ गई है, इसी के क्रम में आज यहां राजकीय ऑडीटोरियम का शुभारंभ हो रहा है। निश्चित रूप से इसके शुभारंभ से यहां के कलाकारों को प्रोत्साहन मिलेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण से किया गया। बृजमोहन संज्ञा की टीम द्वारा सरस्वती वंदना एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया गया। मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि इसका निर्माण कार्यदायी संस्था यूपी सिडको द्वारा किया गया है, इस 300 सीटेड ऑडीटोरियम में भूतल में पार्किंग व्यवस्था, वीआईपी रूम एंट्रेस फोयर, कार्यालय कक्ष व साउंड सिस्टम है। इसके कार्य की लागत तीन करोड़ है, जिसका निर्माण फरवरी 2019 से शुरू हुआ और बीते साल अक्तूबर में तैयार हो गया।
सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने कहा कि यह जनपद का पहला ऑडीटोरियम है। इसके शुभारंभ से स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन मिलेगा, साथ ही जनपद के विकास को गति भी मिलेगी। इस ऑडीटोरियम का नाम पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के नाम पर रखने का सुझाव दिया गया, जिसका सभी ने समर्थन किया। इस मौके पर इस मौके पर डीएम अन्नावि दिनेश कुमार,जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश निरंजन, पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश सिंह लोधी, दिनेश गोस्वामी, अशोक रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।