संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मादक पदार्थ के खिलाफ अभियान के तहत थाना बानपुर पुलिस व एसओजी टीम ने देसी शराब की पेटियों से लदी कार सहित एक आरोपी को पकड़ लिया। कार में रखी करीब 80 पेटी शराब मध्य प्रदेश निर्मित बरामद की।
पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत अवैध शराब व मादक पदार्थ के विरुद्ध थाना बानपुर व एसओजी टीम यूपी-एमपी बॉर्डर पर बने बैरियर पर चेकिंग कर रही थी। पुलिस टीमों ने कार को पकड़ा। उसे खोलकर देखा तो अंदर 80 गत्तों के कार्टून में करीब 691 लीटर देसी शराब मध्य प्रदेश निर्मित प्रिंस मार्का बरामद की। पुलिस ने रमेश यादव निवासी क्षेत्रपाल मंदिर के पीछे सिविल लाइन को गिरफ्तार किया, जबकि भागने वाले अपने साथी का नाम विनोद राय निवासी मसौरा कलां बताया।
आरोपी ने कार के जरिए शराब की अवैध तस्करी करने की बात बताई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। शराब तस्करी का भंडाफोड़ करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक बानपुर विनोद कुमार मिश्रा, एसओजी प्रभारी राहुल राठौर, कचनौंदा चौकी प्रभारी प्रवीन गिरि, भीलेन्द्र सिंह, एसओजी में तैनात स्वदेश कुमार, दीपक दुबे आदि शामिल रहे।
-
इस प्रकार करते थे शराब की अवैध तस्करी
गिरफ्तार आरोपी रमेश यादव ने बताया कि वह अपने साथी विनोद राय के साथ मिलकर मध्य प्रदेश से देसी शराब खरीद कर लाते हैं। शराब को विनोद राय के पास एकत्रित करते हैं। चुनाव के समय अधिक दाम में बेचकर मुनाफा कमाते हैं। शुक्रवार को शराब हरपालपुर जिला निवाड़ी मध्य प्रदेश से खरीद कर कार से ला रहे थे।