संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। बेटे की ससुराल जा रही आदिवासी महिला को शराब पिलाकर एक युवक ने उससे दुष्कर्म किया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना जाखलौन के एक गांव की करीब 38 वर्षीय महिला के पुत्र की तालबेहट कोतवाली के एक गांव में शादी हुई है। बृहस्पतिवार को महिला अपने बेटे की ससुराल जाने के लिए तालबेहट स्टेशन पहुंची। यहां से करीब चार किमी दूर गांव जाने के लिए वह पैदल चल पड़ी। उसे पैदल जाते देख एक युवक ने गांव तक छोड़ने की बात कहकर अपनी बाइक पर बैठा लिया। महिला के मुताबिक खेत के किनारे उसने बाइक रोक कर शराब की बोतल निकाली और खुद पीने के साथ ही उसे भी पिला दी। युवक उसे जबरन खेत में ले जाने लगा तो उसने विरोध किया। युवक उसे खींचकर खेत में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। रात में वह गांव के एक परिचित के यहां रुक गई थी। पीड़िता सुबह कोतवाली पहुंची और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी राजू कुशवाहा निवासी थानागांव मजरा प्यासी के खिलाफ दुराचार, एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जांच के बाद घटना की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।- कुलदीप कुमार, सीओ तालबेहट।