संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। 83 ग्राम पंचायतों में अप्रैल से स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया हो सकेंगी। इसके लिए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। इन सेंटरों पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी की नियुक्ति प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
सुदूर क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के लिए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। यहां मरीजों को प्राथमिक उपचार के साथ सामान्य जांच की सुविधा भी मुहैया कराई जाएगी। हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों का निर्माण अंतिम चरण में है। फरवरी के अंतिम सप्ताह तक निर्माण पूर्ण होने की उम्मीद है। विभागीय अधिकारियों के निरीक्षण के बाद सही पाए जाने पर ये सुपुर्द किए जाएंगे। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अगले वित्तीय वर्ष में इन सेंटरों को चालू कर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराई जाएंगी। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) की नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है।
-
हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर मिलेंगी ये सुविधाएं
हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर 14 प्रकार की जांच की सुविधा मिलेगी। गर्भवती महिलाओं की देखभाल व जांच की सुविधा दी जाएगी। टीकाकरण भी किया जाएगा। क्षय रोगियों को चिह्नित किया जाएगा। मरीजों का प्राथमिक उपचार भी किया जाएगा। साथ ही अन्य विभागीय योजनाओं का लाभ ग्रामवासियों को दिया जाएगा।
-
83 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। अप्रैल से इन सेंटरों पर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराई जाएंगी।
- डॉ. इम्तियाज अहमद, सीएमओ