जीआईसी में मौजूद शिक्षक, शिक्षिकाएं
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। जीआईसी के सभागार में जिलाधिकारी व भाजपा जिलाध्यक्ष ने जिले में नवनियुक्त 56 शिक्षक-शिक्षिकाओं को नियुक्ति वितरित किए। इस दौरान लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश के नवनियुक्त 6696 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देने के वितरण समारोह का सीधा प्रसारण दिखाया गया।
वर्चुअल कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र वितरण की बधाई दी और कहा कि प्रदेश की शिक्षा को बेहतर एवं मूलभूत सुविधाओं में विस्तार करने के लिए अथक प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बाद राजकीय इंटर कॉलेज सभागार में जिलाधिकारी सहित सभी मंचासीन अतिथियों ने नवनियुक्त 56 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। बीएसए रामप्रवेश ने बताया कि जनपद में शिक्षक भर्ती हेतु 580 सीटों का आवंटन हुआ था, जिसमें से प्रथम एवं द्वितीय चरण में 530 शिक्षकों की भर्ती हो चुकी है। अब 61 शिक्षकों के सापेक्ष 56 नवनियुक्त शिक्षकों को जनपद में नियुक्ति पत्र वितरित किए जा रहे हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार जैन ने सभी नवनियुक्त शिक्षकों को बधाई देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में बच्चों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। डीएम अन्नावि दिनेश कुमार ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़कर बच्चे आईएएस बन सकते हैं। कार्यक्रम में राज्यमंत्री प्रतिनिधि सुरेंद्र पंथ, सदर विधायक प्रतिनिधि श्रीकांत कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि हरिओम निरंजन, वंशीधर श्रीवास, सीडीओ अनिल कुमार पांडेय, एसडीएम सदर केके सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक रामशंकर, जिला सूचना अधिकारी पीयूष चंद्र राय, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी एवं नवनियुक्त शिक्षक उपस्थित रहे।
जीआईसी में शिक्षिका को नियुक्ति पत्र वितरित करते डीएम व भाजपा जिलाध्यक्ष- फोटो : LALITPUR