ललितपुर। कोटा से छात्र - छात्राओं को लेकर उनके जिलों में छोड़कर जनपद लौटे 33 पुलिस कर्मचारियों एवं दस अन्य लोगों के सैंपल लेकर स्वास्थ्य विभाग को जांच के लिए भेजे हैं। जांच मंगलवार को आने की संभावना है। तब तक, इन पुलिस कर्मचारियों को एक विवाह घर में क्वारंटीन किया गया है।
प्रदेश सरकार ने जनपद समेत अन्य जिलों के छात्र - छात्राओं को राजस्थान के कोटा में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वालों को बसों से वापस लाया गया है। इसके लिए जिले से पुलिस कर्मचारियों को बच्चों की सुरक्षा के लिए भेजा गया था। अब तक जिला के करीब 33 पुलिस कर्मचारी कोटा से बच्चों को उनके गृह जनपदों में छोड़कर बीते रोज तक लौट आए हैं, जिन्हें शहर के एक विवाह घर में रोककर एहतियात के तौर पर क्वारंटीन किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी 33 पुलिस कर्मचारियों के परीक्षण के लिए उनके सैंपल लेकर जांच को भेजे हैं। इसके अलावा जनपद में अन्य जगह क्वारंटीन किए गए। दस अन्य लोगों के सैंपल लेकर भी जांच के लिए भेजे गए हैं। इन सभी की जांच रिपोर्ट मंगलवार की रात तक आने की संभावना है।
--------------
सोमवार को कुल 43 लोगों के सैंपल लेकर कोरोना वायरस की जांच के लिए भेजे गए हैं। जिले से अभी तक कुल 233 लोगों के सैंपल लेकर कोरोना वायरस की जांच के लिए भेजे गए, जिनमें 220 लोगों के सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि, 13 लोगों के सैंपल की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है।
- डॉ. प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी