ट्रेन से महिला समेत तीन की मौत
ललितपुर। अलग-अलग क्षेत्रों में ट्रेन से कटकर और गिरने से एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई है। इनमें ग्राम सिलगन में पशुओं को हांककर लौट कर आई महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। दो अज्ञात लोगों की भी मौत हो गई।
थाना कोतवाली अंतर्गत ग्राम सिलगन निवासी फूलवती (55) पत्नी श्रीपत सोमवार की सुबह करीब दस बजे पशुओं को हांकने के लिए गई थी। इसके कुछ ही देर बाद जब वह सिलगन चौकी के आगे पटरियों से होकर गांव लौट रही थी, तो उसका ध्यान पटरियों पर आ रही मालगाड़ी की ओर नहीं गया और वह तेज रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में आने से बुरी तरह जख्मी हो गई। कुछ देर में मौके पर ही मौत हो गई। पास में ही जानवर चरा रहे लोगों ने इसकी सूचना महिला के परिजनों को दी, उन्होंने महिला की पहचान फूलवती के रूप में की। जानकारी मिलने पर पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इसी प्रकार रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 2-3 पर खंभा नंबर 1037/28 के पास अज्ञात व्यक्ति का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला। जानकारी मिलने पर जीआरपी ने पहुंचकर शव को पटरियों से उठाकर उसकी शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन पता नहीं चल सका। उसकी वेशभूषा से विक्षिप्त सा लग रहा था। उक्त व्यक्ति काले रंग की जैकेट, रंग-बिरंगी कई शर्ट और स्लेटी पैंट पहने था। फिलहाल जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं, जीरोन रेलवे स्टेशन के पास खंभा नंबर 1027/7-8 पर स्टार्टर के पास लूप लाइन पर बीती रात करीब दस बजे अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। आशंका जताई जा रही है कि उक्त व्यक्ति की किसी ट्रेन से गिरने के कारण मृत्यु हुई है। यह अकेला लोअर पहने हुए था। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। थानाध्यक्ष जीआरपी संजय कुमार सिंह ने बताया कि दोनों अज्ञात व्यक्तियों की मृत्यु किसी ट्रेन की चपेट में आने के कारण हुई है। शवों की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैँ। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।