वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट देखा
तालबेहट। नगर विकास, नगरीय रोजगार और गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम विभाग के प्रमुख सचिव और जिले के नोडल अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने तालबेहट तहसील के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट भी देखा।
उन्होंने परियोजना अधिकारी डूडा से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवासों की जानकारी ली। परियोजना अधिकारी ने बताया कि अब तक कुल 18 हजार आवास स्वीकृत हैं। इसमें नौ हजार पुराने और इतने ही नए है। इनमें से 54 सौ लाभार्थियों को आवास निर्माण हेतु प्रथम किस्त जारी की गई है। शेष लाभार्थियों को प्रथम जारी नहीं होने का कारण पूछे जाने पर परियेाजना अधिकारी द्वारा संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया, जिस पर प्रमुख सचिव ने उन्हें फटकार लगाते हुए शेष लाभार्थियों को प्रथम किस्त जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की भी समीक्षा की। उन्होंने ममता देवी पत्नी रामेश्वर गुप्ता के आवास को देखा। इसके बाद तालबेहट वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से नगर की पेयजल आपूर्ति के रोस्टर की जानकारी ली। प्लांट चलवाकर भी देखा। निरीक्षण में पाया गया कि प्लांट का सीडब्ल्यूआर वाल्व लीक हो रहे हैं। इस पर उन्होंने वॉल्व की मरम्मत एवं सीडब्ल्यूआर की फेंसिंग कराने के निर्देश दिए।