भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा निकाली जाएगी
ललितपुर। श्री जगदीश मंदिर में हुई बैठक में भगवान जगन्नाथ रथयात्रा चार जुलाई बृहस्पतिवार को निकालने का निर्णय लिया गया। रथ यात्रा में भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र के साथ नगर भ्रमण करेंगे।
श्री जगदीश मंदिर में जगदीश नारायण चौबे की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि रथयात्रा में हरियाणा और पंजाब के सांस्कृतिक दलों द्वारा भगवान शंकर, मां काली और उनके गणों के स्वरूपों द्वारा तांडव किया जाएगा। हनुमानजी का भावपूर्ण नृत्य और श्रीराधा कृष्ण का मयूर नृत्य, बरसाने की होली आकर्षण का केंद्र रहेंगे। जालंधर की पंजाबी ढोल पार्टी की मनमोहक प्रस्तुति होगी। इस्कॉन मंदिर श्रीधाम वृृंदावन के श्रद्धालु हरेनाम संकीर्तन यात्रा निकालेंगेे। बुंदेली परंपरा को जीवित रखने के लिए दिलदिल घोड़ी, नृत्य, ढपला और रमतूला अपनी प्रस्तुतियां देंगे। यात्रा में शामिल दलों को रामलीला हनुमान जयंती समिति और रथों को संचालित करने की जिम्मेदारी भारत सेवा मंडल को सौंपी गई। सावरकर चौक पर महाआरती और अखाड़ों की व्यवस्था रामराजा व्यायामशाला को सौंपी गई। बैठक में जगदीश मंदिर समिति के अध्यक्ष सुधांशु शेखर हुंडैत, जगन्नाथ रथयात्रा समिति के मंत्री रामगोपाल नामदेव, सरदार वीके सिंह, डॉ. दीपक चौबे, बृजेश चतुर्वेदी, हरविंदर सलूजा, संतोष सोनी, चंद्रशेखर राठौर, दीपक नामदेव, खुशीलाल, अजय जैन, मज्जू सोनी, गिरीश पाठक, चंद्रशेखर दुबे, विभाकांत हुंडैत, प्रमोद सोनी, भरत रिछारिया मौजूद रहे।