लखीमपुर खीरी। पटेहरा निवासी 28 वर्षीय धनराज सोमवार को दोपहर में घर से बाहर निकला था। शाम करीब चार बजे वापस आया तो उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान रात नौ बजे उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई प्रदीप ने बताया कि 15 दिन पहले धनराज की पत्नी के साथ गांव के ही युवक ने छेड़छाड़ की थी, जिसकी रिपोर्ट खीरी थाने में दर्ज है।
प्रदीप का आरोप है कि उसी युवक ने बहाने से किसी खाने वाली चीज में उसे जहर खिलाकर घर भेज दिया। इसके बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ी और इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार डॉक्टर ने फूड प्वाइजनिंग की आशंका जाहिर की है। शव का पोस्टमार्टम कराया है। मामले में अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।