आईडी अपलोड करने में पिछड़ीं ग्राम पंचायतें
डीपीआरओ ने सभी एडीओ को नोटिस जारी किया
छह अगस्त तक अपलोड न होने पर कार्रवाई की चेतावनी
ग्राम पंचायत विकास योजना के तहत ग्राम पंचायतों की कार्ययोजनाएं भारत सरकार के प्लान प्लस साफ्टवेयर पर अपलोड करने में जिला पिछड़ता जा रहा है, जिससे गांवों में विकास का पहिया थम चुका है। जिले की 1167 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष मात्र 58 ग्राम पंचायतों की कार्ययोजनाएं साफ्टवेयर पर अपलोड की जा सकी हैं। जबकि डीएम ने एक माह पहले ही कार्ययोजनाओं को मंजूरी दे दी थी। अभी 1109 ग्राम पंचायतों की कार्या योजनाएं अपलोड होना शेष है। डीपीआरओ अनिल कुमार सिंह ने सभी ब्लाकों के एडीओ (पंचायत) को नोटिस जारी कर 10 दिन के अंदर शेष 1109 ग्राम पंचायतों की कार्ययोजनाएं अपलोड कराने के आदेश दिए हैं।
बता दें कि ग्राम पंचायतों का गठन हुए आठ माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक कामकाज शुरू नहीं हो सका है। वर्ष 2016-17 में पहले नई व्यवस्था के अनुसार कार्ययोजना के पास होने में देरी हुई, जिसके बाद साफ्टवेयर पर कार्ययोजनाओं के अपलोड करने में देरी हो रही है। बताते चलें कि भारत सरकार के प्लान प्लस साफ्टवेयर पर कार्ययोजनाओं की अपलोडिंग के बाद ही कामकाज कराए जा सकते हैं। डीपीआरओ अनिल कुमार सिंह ने पंचायती राज के प्रमुख सचिव की समीक्षा में खराब प्रगति का हवाला देते हुए सभी एडीओ (पंचायत) को नोटिस जारी कर चेतावनी दी है कि छह अगस्त 2016 तक शेष कार्ययोजनाएं साफ्टवेयर पर अपलोड कराते हुए आईडी जनरेट कराएं। इसके बाद जिम्मेदार अधिकारियों का वेतन बाधित करते हुए कर्मचारी नियमावली के तहत कार्रवाई की जाएगी।
--
ब्लाक कुल ग्राम पंचाय अपलोड कार्ययोजनाएं
बांकेगंज 50 00
बेहजम 81 05
धौरहरा 49 00
गोला 74 01
ईसानगर 81 00
मितौली 91 00
मोहम्मदी 107 01
निघासन 66 15
पलिया 76 00
पसगवां 109 00
फूलबेहड़ 73 15
रमियाबेहड़ 48 07
लखीमपुर 109 05
बिजुआ 80 00
नकहा 73 09