सभासद बोले- जनहित को दरकिनार कर अपना हित साध रहे हैं जिम्मेदार अधिकारी
लखीमपुर खीरी। सौजन्या तिराहा से डॉन बॉस्को स्कूल तक बिजली के खंभे हटाए बिना ही रोड को हॉटमिक्स बनाने का सभासदों ने विरोध शुरू कर दिया है। सभासदों का कहना है कि पालिका के जिम्मेदार अधिकारी जनहित को दरकिनार कर अपना हित (कमीशन) साध रहे हैं। आने वाले दिनों में खंभों से होने वाली दिक्कतों को देखते हुए सभासदों ने डीएम को ज्ञापन देकर शासन से मिली धनराशि यूपीपीसीएल को ट्रांसफर करने के लिए ईओ को निर्देशित करने की मांग की है।
नगर पालिका ने बेहद जर्जर हो चुकी इस 600 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कराने की कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए पेड़ों की कटाई जोरों पर है, लेकिन हाईटेंशन लाइन के खंभे जस के तस लगे रहेंगे। सड़क के दोनों ओर करीब 30 खंभे लगे हैं, जो डिवाइडर से पांच मीटर की दूरी पर हैं और सड़क छह मीटर चौड़ी होने जा रही है। ऐसे में ये खंभे सड़क पर आए जाएंगे। सभासदों का कहना है कि हॉट मिक्स सड़क बनने के बाद वाहन इस पर रफ्तार भरेंगे। ऐसे में वाहन की चपेट में आकर ये खंभे राहगीरों के लिए मुसीबत बनेंगे। इसलिए बिजली के खंभों को हटाकर सड़क का चौड़ीकरण नाले से नाले तक हो। इससे सड़क 15-16 मीटर तक चौड़ी हो जाएगी। इससे शहरवासियों को आवागमन में सुविधा रहेगी।
पूर्व सभासद अंशुमान माथुर, सभासद रवींद्र रावत एवं राशिद पठान बताते हैं कि शासन ने भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को ध्यान में रखकर ही खंभे हटाने के लिए पैसा दिया था। इसलिए इसका उपयोग उसी में होना चाहिए। धनराशि छह महीने पहले मिली थी, लेकिन कमीशन के चलते बिजली विभाग को ट्रांसफर नहीं की गई। अब इससे दूसरी सड़क का निर्माण कराने के पीछे की मंशा जनहित की नहीं बल्कि अपने हित की है।
बोले एक्सईन, खंभे हटाने में दो माह का लगेगा समय
विद्युत एक्सईन प्रदीप वर्मा का कहना है कि धनराशि मिलते ही खंभे हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। अधिकतम दो माह का समय लग सकता है। हालांकि खंभे इतनी आसनी से नहीं गिरने वाले, लेकिन वाहनों की ठोकर से गिर सकते हैं। इससे होने वाली किसी तरह की हानि से नगर पालिका भी अछूती नहीं रहेगी।