मौसम ने एक बार फिर अपने तेवर बदले। कड़ी धूप और भीषण गर्मी के बाद शनिवार की सुबह करीब पांच बजे फिर तेज आंधी आई और कुछ देर बाद हल्की बारिश हुई। इसके बाद दिन भर आसमान में बादल छाए रहे इससे कड़ी धूप से निजात मिली। तापमान में गिरावट आने से मौसम खुशनुमा हो गया।
दो दिनों तक कड़ी धूप और भीषण गर्मी के बाद पहले शुक्रवार शाम करीब सात बजे धूल भरी आंधी आई फिर मौसम खुल गया। रात में फिर आसमान में बादल छा गए। शनिवार को सुबह होते-होते तेज आंधी के बाद हल्की बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। दिन भर आसमान में बादल छाए रहने से कड़ी धूप से भी निजात मिली। हालांकि बीच में कई बार बादल छंटने पर सूरज चमका लेकिन धूप में उतनी तीव्रता नहीं थी। इससे पूरे दिन मौसम खुशनुमा रहा।
आंधी आने से कई घरों के छप्पर, टिनशेड उड़े
शुक्रवार देर शाम और शनिवार सुबह आंधी आने से गांवों में कई घरों के छप्पर उड़ गए। कई पेड़ों की डालें टूट गई। शहर में लगी तमाम होर्डिंग्स उखड़ कर दूर जा गिरीं। प्रतिष्ठानों पर लगे बोर्ड गिर गए। छतों पर पड़े टिन शेड उखड़ गए। आंधी के साथ इतनी धूल उड़ी कि लोगों को राह चलना तक मुश्किल हो गया।
कई इलाकों की बिजली आपूर्ति बाधित
आंधी आने से पहले ही बिजली आपूर्ति काट दी गई थी। आंधी के दौरान कई जगहों पर पेड़ों की डालें टूटकर बिजली लाइन पर गिरीं। इससे घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही। कई क्षेत्रों में तो रात भर बिजली न आने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
मामूली बारिश होने से गर्मी में बढ़ोतरी की आशंका
सुबह मामूली बारिश होने से लोगों को गर्मी में और ज्यादा इजाफा होने की आशंका बढ़ गई है। किसान मौसम के बदलते मिजाज में अच्छी बारिश की उम्मीद लगाए बैठे थे लेकिन मामूली बारिश होने से लोगों क ी उम्मीदें टूट गई हैं। किसानों का कहना है कि अच्छी बारिश होती तो उनका सिंचाई का खर्च बच जाता।