भाजपा सांसद वरुण गांधी ने लखीमपुर खीरी हिंसा का एक वीडियो अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया है। उन्होंने कहा कि लखीमपुर खीरी में किसानों को गाड़ियों से जानबूझकर कुचलने का यह वीडियो किसी की भी आत्मा को झखझोर देगा।
उन्होंने पुलिस से इस वीडियो का संज्ञान लेकर गाड़ियों के मालिकों, इनमें बैठे लोगों और इस प्रकरण में संलिप्त अन्य व्यक्तियों को चिन्हित कर तत्काल गिरफ्तार करने को कहा।
आशीष मिश्र के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
रविवार को हुई हिंसा के बाद केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। आशीष मिश्र के खिलाफ हत्या और गैर इरादतन हत्या की धारा में मामला दर्ज किया गया है। मामले में आईजी रेंज लक्ष्मी सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद आशीष मिश्र मोनू और 15-20 अज्ञात के खिलाफ दफा 147, 148, 149, 302, 130 बी, 304 ए के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
रविवार को हुआ था विवाद
कृषि कानूनों और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी की टिप्पणी का विरोध कर रहे किसानों और मंत्री के बेटे के बीच रविवार को हिंसक टकराव हो गया। तिकुनिया कस्बे में हुए बवाल के दौरान मंत्री के बेटे आशीष मिश्र की गाड़ी से कुचलकर चार किसानों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। जानबूझकर गाड़ी चढ़ाने का आरोप लगाते हुए गुस्साए किसानों ने मंत्री के बेटे की गाड़ियों में तोड़फोड़ करते हुए आग लगा दी।
किसानों के ऊपर चढ़ा दी गाड़ी
मंत्री के बेटे ने खेतों में भागकर जान बचाई, लेकिन इस दौरान हुई पिटाई से चालक सहित चार अन्य की भी मौत हो गई। दस से ज्यादा घायल किसानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। किसान तेजिंदर सिंह विर्क की हालत गंभीर बताई जा रही है। किसानों का कहना है कि उन्होंने मंत्री के बेटे के काफिले को रोका तो नारे लगाते हुए उन पर गाड़ी चढ़ा दी गई।
बीते एक सप्ताह से किसान कर रहे केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र का विरोध
दरअसल, कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसान पिछले एक सप्ताह से केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी का भी विरोध कर रहे हैं। उनका आरोप है कि केंद्रीय मंत्री ने आंदोलन को लेकर गलत टिप्पणी की थी। इसी वजह से किसान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के कार्यक्रम का विरोध करने के लिए खीरी के पास के ही कस्बे तिकुनिया में हेलीपैड के पास इकट्ठे हुए थे।
बयान से शुरु हुआ विवाद : केंद्रीय मंत्री ने कहा था- सुधर जाओ वरना सुधार देंगे
केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र को 26 सितंबर को लखीमपुर जाते समय किसानों ने काले झंडे दिखाए थे। मिश्र इससे खफा हो गए। उन्होंने जनसभा में कहा- अगर हम कार से उतर जाते तो उन्हें भागने का रास्ता नहीं मिलता। कृषि कानून के खिलाफ केवल 10-15 लोग शोर मचा रहे हैं। सुधर जाओ, वरना हम सुधार देंगे दो मिनट लगेंगे। किसान एक सप्ताह से टिप्पणी का विरोध कर रहे हैं।