एसडीएम ने दिए रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश
पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया
निघासन। कस्बे में संचालित साईं हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक महिला की मौत के बाद परिवार वालों ने जमकर हंगामा किया। एसडीएम के आदेश पर अस्पताल को सील किया गया है। एसडीएम ने अस्पताल संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। उधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सिंगाही थाने के गांव शीतलापुर निवासी छड़ीराम ने बताया कि उनकी 55 वर्षीय पत्नी कुसुमा देवी के सीने में बुधवार सुबह करीब 10 बजे दर्द उठा। परिवार के लोगों ने उनका अल्ट्रासाउंड कराने के बाद इलाज कराने की सलाह दी। छड़ीराम कुसुमा को साइकिल पर बैठाकर कस्बे में अल्ट्रासाउंड कराने के लिए आ रहे थे।
आरोप है कि पैथोलॉजी से पहले ही साईं हॉस्पिटल में काम करने वाला एक कर्मचारी जबरन उन्हें अस्पताल ले गया और इलाज के बाद अल्ट्रासाउंड कराने की बात कही। बोतल और इंजेक्शन लगाने के बाद कुसुमा की तबीयत और बिगड़ गई। थोड़ी ही देर के बाद महिला की मौत हो गई।
बताया कि अस्पताल में मौजूद स्टाफ उसको टेंपो में बैठाकर जबरन सीएचसी के बाहर छोड़ आया। सीएचसी में मौजूद डॉ. एमके शुक्ला ने कुसुमा को देखकर मृत घोषित कर दिया। उसके बाद नाराज परिवार वाले शव लेकर साईं अस्पताल पहुंचे और वहां जमकर हंगामा किया।
परिवार वालों ने एसडीएम से मामले की शिकायत की। एसडीएम ने अस्पताल सील कर मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने का आदेश दिया है।
सीएचसी के डॉ. प्रदीप सिंह, एमके शुक्ला साईं हॉस्पिटल पहुंचे और अस्पताल को सील कर दिया। प्रदीप सिंह ने बताया कि अस्पताल में कोई कागज नहीं मिले हैं। पूरा स्टाफ अस्पताल छोड़कर भाग चुका था। ऑपरेशन कक्ष में ऑपरेशन करने के उपकरण समेत बेड आदि पड़े मिले हैं। वहां पर काम कर रहे एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। मृतक कुसुमा का बेटा सऊदी अरब में काम करता है। अपनी मां की मौत से वह क्षुब्ध है।
एक माह पहले भी पड़ चुका था छापा
साईं अस्पताल में एक माह पहले तहसीलदार और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारा था। आरोप है कि छापामारी के दौरान कोई कागज आदि नहीं होने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग के एक कर्मचारी की मिलीभगत और तहसीलदार को गुमराह करने के कारण अस्पताल सील नहीं किया गया था।
कड़ी मशक्कत के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन
अस्पताल के अंदर शव रखकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को हटाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। महिला दरोगा सर्वेश कुमारी ने महिलाओं को काफी समझाया, तब महिलाएं शांत हुईं। काफी देर बाद टीम शव को लेकर एंबुलेंस में पहुंची। परिवार के तीन लोगों को बैठाकर ढखेरवा रोड लेकर गई। वहां पर शव को सील किया गया।
एसडीएम के आदेश पर साईं अस्पताल को सील कर दिया गया है। मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर बनाई जा रही है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
- पीके रावत, सीएचसी अधीक्षक