घटना के बाद जांच में जुटी पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
तिकुनिया कस्बे में कौड़ियाला मार्ग पर गुरुवार की रात हुए हादसे में घर के बाहर सोए तीन लोगों कों एक ट्रक के कुचलने के बाद पीड़ित परिवार में मातम है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि नहीं पता था कि बाहर सोने से उनकी मौत हो जाएगी वरना वह अपने बच्चों को घर में सुला लेते।
सड़क किनारे अस्थायी घर बनाकर रहने वाले बुधराम बताते हैं कि मृतक शंकर और दूसरा बेटा रामू पत्थर काटने और मजदूरी का काम करते हैं। पूरा परिवार वर्षों से इस काम में लगा हुआ है। अनियंत्रित ट्रक ने उनकी गृहस्थी उजाड़ दी है। मां छम्मा दुख के कारण बार-बार बेहोश हो रही थी और अपने पुत्र शंकर को पुकार रही है। जबकि, दूसरे मृतक रवि पुत्र कमलेश के परिवार में भी मातम है। रवि की मां रेशमा ने बताया कि उसके चार पुत्र थे, जिनमें रवि सबसे बड़ा था। अब बाकी तीन भाइयों का भरण पोषण कैसे होगा इसकी परिवार को चिंता सताने लगी है।
बस्ती के लोगों से मामले को लेकर जानकारी करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
तिकुनिया कौड़ियाला रोड पर कृषि उत्पादन मंडी समिति व भारतीय खाद्य निगम का गोदाम है, जहां से करीब 8 किलोमीटर खैरटिया पंचायत में स्थित गन्ना सेंटर के ट्रक ओवरलोड गन्ना भरकर दिन भर दौड़ते रहते हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत इस रोड का निर्माण 4 साल पहले हो चुका है, जिसके चलते रोड की चौड़ाई 4 मीटर है। इस रोड की चौड़ीकरण की मांग काफी दिनों से की जा रही है। साथ ही कंजर बिरादरी के लोग काफी दिनों से प्रशासन से जगह देकर बसाए जाने की मांग भी कर रहे हैं। लेकिन प्रशासन ने इनकी मांगl पर अमल नहीं किया जिसके चलते आए दिन इस रोड पर इनके बच्चे दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। पत्थर का व्यापार तथा मजदूरी कर यह अपना जीवन यापन करते हैं।
कंजर बस्ती के निवासी धर्मेंद्र, राकेश, रमेश, कलीराम, राजेंद्र, व राजा बाबू बताते हैं कि उन्हें काफी दिनों से सही जगह पर रहने को कहा जा रहा है। लेकिन अभी तक नहीं बसाया गया। यहां पर आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं, जिसके चलते कंजर बस्ती के लोग हमेशा दहशत में रहते हैं। लोगों का कहना है कि हम स्वयं को बचाएं कि अपना काम करें। बताया कि शराब के नशे में ट्रक चालक ने रोड से काफी दूर सो रहे कमलेश और शंकर को रौंद दिया था और विनोद घायल हो गया। इसकी जांच होनी चाहिए और दोषी को तत्काल सजा मिलनी चाहिए।
इससे पहले भी हो चुका है हादसा
8 साल पहले खैरटिया गन्ना सेंटर से चीनी मिल बेलरायां को जा रहे गन्ना भरा ट्रक कंजर बस्ती के मुन्ना के घर में घुस गया था। इसमें मुन्ना की 4 साल की लड़की लक्ष्मी की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद 7 साल पहले कंजर बस्ती निवासी कोयल 3 वर्ष गेहूं भरे ट्रक के नीचे दब गई थी उसकी मौत हो गई थी।