सदर कोतवाली क्षेत्र में सैंधरी मोड़ से हुई गिरफ्तारी
लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली पुलिस एवं एसटीएफ लखनऊ की संयुक्त टीम ने शनिवार की रात को सैंधरी मोड़ से तस्करी के लिए जा रही करीब 60 लाख कीमत की 600 ग्राम स्मैक बरामद की है। साथ ही दो तस्करों नसीम एवं जाकिर को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से तस्करी में प्रयुक्त चार मोबाइल व नगदी बरामद की है।
प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस एवं एसटीएफ लखनऊ की संयुक्त टीम द्वारा सैंधरी मोड़ पर दबिश देकर दो शातिर तस्करों नसीम निवासी बाबूराम सर्राफनगर सैंधरी मूल पता ग्राम बेलरायां थाना सिंगाही और जाकिर निवासी मोहल्ला साबिर बड़ी पकड़िया खदरा सीतापुर रोड थाना हसनगंज जनपद लखनऊ को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से करीब 60 लाख कीमत की 600 ग्राम स्मैक और तस्करी में प्रयुक्त चार मोबाइल व 1670 रुपये बरामद किए हैं। इस मामले में दोनों तस्करों के विरुद्ध कोतवाली सदर में एनडीपीएस एक्ट समेत सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों अभियुक्तों का चालान भेजा गया है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसआई सतीश द्विवेदी, हेड कांस्टेबल विजय शर्मा, मनीष यादव, हेमंत सिंह, एसटीएफ के एसआई अमित कुमार तिवारी, हेड कांस्टेबल घनश्याम राय, शिवाजी शुक्ल, कमांडो सुभाष यादव शामिल रहे।