पलियाकलां/उचाैलिया। जिले में सोमवार और मंगलवार को हुए दो सड़क हादसों में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
पलिया में पति के साथ मायके जा रही 61 वर्षीय महिला की स्कूटी पलटने से जान चली गई। वहीं, उचौलिया में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में सब्जी खरीदने जा रहे 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।
पलिया-भीरा मार्ग पर मझौरा और मटहिया के बीच मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अज्ञात वाहन को क्रॉस करते समय स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में बरेली के चौपला बगिया निवासी अनीता (61) पत्नी अशोक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गईं। वह पति के साथ स्कूटी से अपने मायके तिकुनिया जा रही थीं।
विज्ञापन
राहगीर की सूचना पर भीरा पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस से महिला को पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीओ शिवम कुमार ने बताया कि कार और उसके चालक की तलाश की जा रही है।
उचौलिया में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार अपराह्न करीब 4:30 बजे गुरुद्वारे के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बरनैया गांव निवासी सर्वेश मिश्रा (55) की मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठे उनके गांव के रफी मोहम्मद (45) और दूसरी बाइक चला रहे हरदोई जिले के पिहानी थाना क्षेत्र के अब्दुल्लानगर निवासी सोनू यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। सर्वेश उचौलिया की सोमवार बाजार में सब्जी खरीदने जा रहे थे।
बताया गया कि गांव से शारदा नहर की पटरी से राजमार्ग पर आने के बाद वह उचौलिया जाने के लिए गुरुद्वारे के सामने बने कट से सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान शाहजहांपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार सोनू ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने एंबुलेंस से सर्वेश और सोनू को सीएचसी पसगवां पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सर्वेश को मृत घोषित कर दिया। रफी मोहम्मद को कस्बे के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सर्वेश तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके एक बेटा अनुराग और दो बेटियां हैं। अनुराग और एक बेटी की शादी हो चुकी है। अनुराग एसएसबी में कार्यरत है।
सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सर्वेश और सोनू को एंबुलेंस से सीएचसी पसगवां ले जाया गया था, जबकि रफी को उनके परिजन निजी क्लीनिक ले गए थे। सर्वेश की रास्ते में मौत हो गई। सोनू का उपचार चल रहा है।
कट पर सुरक्षा इंतजामों का अभाव
उचौलिया। गुरुद्वारे के सामने एनएचएआई ने कट बनाया है। इससे गुरुद्वारे आने वाले श्रद्धालु और ग्रामीण सड़क पार करते हैं। यहां से बड़ी संख्या में ट्रक भी गुजरते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कट पर सावधानी संबंधी बोर्ड नहीं लगाया गया है। दर्जनों ट्रक खड़े रहने से सड़क पार करने वालों को किनारे रुकने की जगह भी नहीं मिलती। संवाद
सड़क दुर्घटनाओं में चार घायल, तीन जिला अस्पताल रेफर
गोला गोकर्णनाथ। क्षेत्र में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में चार लोग घायल हो गए। सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर अविरल वर्मा, संध्या देवी और सुरेश चंद्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायलों में सौठन निवासी अविरल वर्मा (18) पुत्र देवीदयाल, पिपराहिया निवासी रोमिल वर्मा (19) पुत्र चंद्रिका प्रसाद और हैदराबाद थाना क्षेत्र के बिहारीपुर निवासी संध्या देवी (21) पत्नी सुरेश चंद्र तथा सुरेश चंद्र (60) पुत्र हरदयाल शामिल हैं। संवाद
घने कोहरे में खाई में पलटी एंबुलेंस, चालक-सहायक सुरक्षित
बिजुआ। लखीमपुर-पलिया हाईवे पर भीरा थाना क्षेत्र के मलूकापुर मोड़ पर रविवार रात करीब 11 बजे घने कोहरे के चलते निजी एंबुलेंस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में चालक और सहायक सुरक्षित बच गए।
चालक अनूप कुमार ने बताया कि वह मरीज लेने एंबुलेंस से नेपाल जा रहे थे। कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी। मलूकापुर मोड़ की जानकारी न होने से तेज रफ्तार एंबुलेंस अचानक मोड़ पर पहुंच गई। ब्रेक लगाने के बावजूद वह सड़क किनारे लगा संकेतक तोड़ते हुए खाई में पलट गई। संवाद
-
छह दिन पहले हादसे में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत
बरवर। दूल्हापुर चौबे गांव के पास नौ नवंबर को मोड़ पर हुए सड़क हादसे में घायल सेमरा जानीपुर निवासी अशोक कुमार (31) की 15 नवंबर को उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद से उनकी हालत नाजुक थी। अशोक की शादी करीब आठ वर्ष पहले हुई थी। परिवार में डेढ़ साल की बेटी और एक माह का बेटा है।