गोला गोकर्णनाथ। बजाज चीनी मिल पर किसानों का पिछले पेराई सत्र का करीब 180 करोड़ रुपये बकाया है। भुगतान न होने तक नई पर्चियां जारी न करने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अमन संधू) और भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) ने ज्ञापन सौंपा।
किसान नेता एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अमनदीप सिंह संधू और भाकियू चढ़ूनी के जिलाध्यक्ष बलकार सिंह के नेतृत्व में गन्ना विकास समिति के सचिव और नायब तहसीलदार रणंजय सिंह को ज्ञापन दिया गया। संगठनों ने कहा कि मिल प्रबंधन ने नए पेराई सत्र से पहले पूरा भुगतान करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक किसानों को बकाया नहीं मिला है।
किसानों के मुताबिक, भुगतान में देरी से उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो रही है। बैंक ऋण की किस्तें जमा न कर पाने से खाते एनपीए हो रहे हैं और कई किसानों के सामने जमीन नीलाम होने की नौबत है। खाद, डीजल, कीटनाशक, सिंचाई और कृषि मजदूरी की लागत भी लगातार बढ़ रही है। संगठनों ने आगामी पेराई सत्र के लिए गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल तय करने की मांग भी की।
इस मौके पर राम कुमार वर्मा, उत्तम यादव, शहीद खान, जाबिर प्रधान, मनदीप सिंह, यशपाल सिंह भदौरिया, सुरिंदर कुमार वर्मा, राज किशोर, रितेश कुमार वर्मा, राजीव पटेल, राजवीर भदौरिया, सुरजीत कुमार और आदर्श कुमार मौजूद रहे।