भीरा थाने में पुलिस की गिरफ्त में पकड़े गए दो आरोपी।
अब भी चार फरार आरोपियों को पुलिस रही तलाश
पलियाकलां। गौरीफंटा कोतवाली में बीते बुधवार को मैजिक चालक द्वारा आत्मदाह करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। चार आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
बुधवार को गौरीफंटा कोतवाली में मैजिक चलाने वाले कृष्णानगर पटिहन निवासी शिवम गुप्ता ने पुलिस व कुछ लोगों पर वसूली व उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कोतवाली परिसर में खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली थी। शनिवार देर रात इलाज के दौरान शिवम की मौत हो गई थी। मामले में उसकी पत्नी दीप्ति गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों को नामजद करते हुए रिपोर्ट लिखाई थी। मामले की जांच भीरा एसओ अजय कुमार राय को दी गई थी, जिन्होंने पुलिस टीम के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी सूरज गुप्ता पुत्र हरीश गुप्ता निवासी हाइडिल कॉलोनी इंद्रानगर व जीशान अंसारी उर्फ मोहम्मद शान अंसारी पुत्र मोहम्मद शोएब अंसारी निवासी इकरामनगर पलिया को गिरफ्तार किया है। उसका पुलिस ने चालान किया है। बाकी के आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही हैं।
एएसपी-सीओ ने मैजिक चालकों से की पूछताछ
गौरीफंटा। गौरीफंटा कोतवाली में युवक के आत्मदाह करने के मामले में सोमवार को एएसपी अरुण कुमार सिंह सीओ के साथ गौरीफंटा बॉर्डर पहुंचे। यहां उन्होंने करीब बीस मैजिक चालकों को कोतवाली में बुलाकर उनसे पूछताछ की।
सोमवार को एएसपी अरुण कुमार सिंह सीओ संजय नाथ तिवारी के साथ बॉर्डर पर पहुंचे। यहां पर उन्होंने सबसे पहले बस स्टैंड व मैजिक स्टैंड को देखा। इसके बाद नोमैंस लैंड का जायजा लिया। बाद में बनगवां मंडी पहुंचकर यहां के हालात देखे और बॉर्डर से चलने वाले वाहनों के बारे में जानकारी हासिल की। खबर भेजे जाने तक गौरीफंटा कोतवाली में करीब बीस मैजिक चालकों से पूछताछ जारी थी। संवाद