फरधान। थाने से सौ मीटर की दूरी पर हाईवे किनारे खड़ी ट्रॉली से पहिया चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को बिजनौर से गिरफ्तार कर लिया है।
लखीमपुर-गोला मार्ग पर फरधान कस्बा निवासी रणधीर सिंह का हाईवे किनारे मकान है। बुधवार को मकान के पास उनकी ट्रॉली खड़ी थी। इसमें दोनों टायर बिल्कुल नए थे। रात करीब 12 बजे एक ट्रक चालक ने ट्रॉली के पास ट्रक खड़ा करके एक पहिया खोल लिया। चोरी होने की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी। इसके बाद से पीड़ित और पुलिस दोनों हाईवे किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों के सहारे ट्रक की तलाश में जुटे रहे। बीती रात ट्रक की शिनाख्त एक टोल प्लाजा से हो गई। शिनाख्त के बाद उसे बिजनौर से बरामद कर लिया है। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेने के बाद अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद