तिकुनिया कांड में मारे गए भाजपा कार्यकर्ता, पत्रकार एवं चालक के हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के लोग रविवार शाम से आंबेडकर पार्क में धरने पर बैठ गए। सोमवार को एएसपी से पांच दिन में गिरफ्तारी का आश्वासन मिलने पर धरना खत्म हो गया। महासभा के लोगों ने वादा पूरा न होने पर बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
भाजपा कार्यकर्ता शुभम मिश्रा एवं मंत्री पुत्र के ड्राइवर हरिओम मिश्रा के परिजन से मिलने के लिए कानपुर से ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित राहुल त्रिपाठी रविवार को इनके घर पहुंचे। उन्होंने परिजन से मिलकर न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
वायरल वीडियो में पीटकर हत्या करने वालों पर कार्रवाई की मांग
अखिल भारतीय सवर्ण मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हरेराम चौबे ने सीएम योगी को ज्ञापन भेजकर तिकुनिया कांड में भाजपा कार्यकर्ता, पत्रकार एवं चालक की हत्या करने वालों को गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मृतकों के साथ सहानुभूति एवं मुआवजा में भेदभाव करना उचित नहीं है।
गृह राज्यमंत्री और उनके पुत्र को इस घटना में गलत फंसाया जा रहा है। हरेराम चौबे ने कहा कि हत्या, आगजनी करने वालों एवं युवकों की पीटकर हत्या करने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई करने की मांग की। वाजिद, शिव गोपाल अवस्थी, युसुफ आदि मौजूद रहे।