वन विभाग की लापरवाही के खिलाफ ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने नहीं की बाघ की पुष्टि
मैगलगंज (लखीमपुर खीरी)। मैगलगंज वन रेंज के नादौआ गांव में रविवार की सुबह एक बाघ ने तीन लोगों पर हमला कर घायल कर दिया, जिसमें एक की हालत गंभीर है। गंभीर घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उधर, सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मौका मुआयना किया है और एक किलोमीटर के दायरे में बाघ के पगचिह्न तलाशे। वन विभाग ने बाघ की पुष्टि नहीं की है। वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ प्रदर्शन किया।
नादौआ गांव में रविवार पूर्वाह्न 11 बजे के करीब बाघ के हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीण बताते हैं कि सुबह वह अपने खेतों में काम करने गए थे, जहां पहले से मौजूद बाघ ने रोशन लाल को देखते ही उन पर हमला कर दिया। बाघ से संघर्ष के दौरान वह घायल हो गए। उसके बाद चार वर्षीय दीपक के ऊपर हमला कर दिया और उसे उठाकर ले जाने लगा। इस दौरान खेत में धान की कटाई करते लोगों ने जब देखा तो उन्होंने शोर मचाया और दौड़कर बाघ के ऊपर हमला कर किसी तरह बच्चे को छुड़ा लिया। इसके बाद बाघ वहां से भागा, लेकिन सामने से घास लेकर आ रहे दृगपाल को देखकर उसके ऊपर पंजे से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर घायल हो गए। बाघ ने दृगपाल के गर्दन पर पंजा मारा है, जबकि हाथ और पैर में भी गंभीर घाव है। किसी तरह आस पास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने दौड़ाकर बाघ को वहां से भगाया, जिसके बाद वह दृगपाल को छोड़कर भागा।
ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को सीएचसी ले जाया गया, जबकि दृगपाल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि एक किलोमीटर के दायरे में चार गांव के ग्रामीण बाघ से परेशान हैं। दो हफ्ते से बाघ चहलकदमी कर रहा है, जिसकी वन विभाग की टीम ने एक हफ्ते पहले पुष्टि भी की थी। मगर, बाद में वन विभाग की तरफ से कोई कार्यवाही नहीं की गई। ग्रामीणों ने मौक पर ही वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों और अधिकारियों की नोकझोंक भी हुई।
खतरनाक जंगली जानवर ने एक साथ कई लोगों के ऊपर हमला किया है। लोगों को सतर्क रहना है। बाकी जानवर डाग फैमिली का लग रहा है। कैमरे लगाकर निगरानी की जा रही है। - एसएस चौहान, रेंजर वनरेंज मैगलगंज
बोझवा में शावक के साथ दिखी बाघिन
पलियाकलां। इलाके के बोझवा में शारदा नदी के किनारे खेतों में एक बाघिन शावक के साथ दिखाई दी, जिसके बाद ग्रामीणों में दहशत है।
इलाके के मटैहिया गांव निवासी निर्मल सिंह, मनी व लाडी आदि किसान बरूआ कलां की तरफ शारदा नदी किनारे अपने खेतों में गए थे। इस दौरान वहां बाघिन एक शावक के साथ दिखाई दी। सभी ने भागकर वहां से अपनी जान बचाई।
ग्रामीणों ने बताया कि कई दिनों से पिपरिया भूड़, बरूआ कलां और मटैहिया गांवों के किनारे स्थित खेतों में बाघिन देखी जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि शारदा नदी उनके खेतों की ओर कटान कर रही है, जिसको देखने के लिए ही ग्रामीण उस तरफ गए थे, लेकिन बाघिन व शावक दिखने के बाद उधर जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। संवाद