लखीमपुर खीरी। गर्मियों में घर के बाहर सोना गृहस्वामियों को भारी पड़ रहा है। सदर कोतवाली की एलआरपी चौकी क्षेत्र के गांव चांदामऊ में चोरों ने एक घर में घुसकर नकदी, जेवर, कपड़ा समेत करीब चार लाख के माल पर हाथ साफ कर दिया। वहीं फरधान क्षेत्र के गांव मोहदियापुर में भी चोरों ने लाखों का माल पार कर दिया है।
चांदामऊ गांव निवासी शत्रोहन लाल वर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि शनिवार की रात को वह परिवार समेत घर के पास हाता में सो रहा था। रात को चोर छत से जीने के रास्ते घर में दाखिल हो गए, जिसके बाद कमरे में रखे बक्सों के ताले तोड़ डाले। बक्से में रखी एक लाख की नकदी समेत जेवर, कपड़े आदि कीमती सामान चुरा ले गए। इस दौरान घर में सो रहे परिवार के एक सदस्य को कमरे में बंद कर दिया था।
गृहस्वामी शत्रोहन लाल वर्मा ने एक लाख नकदी समेत करीब चार लाख कीमत का जेवर-सामान चोरी होने की बात कही है। प्रभारी निरीक्षक प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की सूचना पर चौकी पुलिस ने मौका मुुआयना किया है। मामले की जांच की जा रही है। उधर, फरधान क्षेत्र के गांव मोहदियापुर निवासी राजेश कुमार वर्मा के घर शनिवार की रात चोरों ने धावा बोला। कमरे के ताले तोड़कर फिर अलमारी की लॉक तोड़ी, जिसमें रखे जेवर,चार जोड़ी पायल, सोने का झाला, एक माला, छह नाक फूल, छह जोड़ी बिछिया, तीन सोने की अंगूठी समेत 30 हजार की नकदी, ट्रैक्टर के कागजात चोरी कर लिए। इसके बाद चोरों ने चचेरे भाई विजय कुमार के कमरे का ताला तोड़कर 10 हजार की नकदी समेत करीब डेढ़ लाख के जेवरात चोरी कर लिए। गृहस्वामियों को सुबह उठने पर घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद चोरी की सूचना फरधान पुलिस को दी है।
तीन घरों से लाखों का सामान चोरी
फरधान। थाना क्षेत्र के गांव मोहदियापुर गांव में तीन घरों से 50 हजार रुपयों समेत लाखों के जेवर चोरी हो गए। घटना की जानकारी पीड़ित परिवारों को अगले दिन की सुबह हुई।
मोहदियापुर के निवासी एडवोकेट राजेश वर्मा के यहा से 30 हजार रुपये समेत डेढ़ लाख के जेवर चोरी हो गए। इसी गांव के विनोद कुमार के घर से 10 हजार रुपये औ्र 70 हजार के जेवर पार कर ले गए। जबकि बाराती लाल के यहां से पांच हजार रुपये व सोने-चांदी के 40 हजार के जेवर चोरी गए। सभी लोगों को चोरी की जानकारी अगले दिन हुई। जानकारी के मुताबिक चोर घरों में पीछे से दाखिल हुए और कमरों का ताला तोड़कर चोरी को अंजाम दिया। प्रभारी निरक्षक विमल गौतम ने बताया कि तीन घरों में चोरी हुई है। सभी लोगों से तहरीर ले ली गई है। मौका मुआयना किया है, मामला संदिग्ध लग रहा है। संवाद
घर में घुसकर दो बाइक ले गए चोर
पलियाकलां। इलाके के ऐंठपुर गांव में चोर एक घर में घुसकर दो बाइक चुरा ले गए। सुबह बाइक न मिलने पर पीड़ित ने पुलिस में तहरीर दी है। ऐंठपुर निवासी बबलू पुत्र राममूर्ति ने बताया कि उसके घर में गांव के ही विजय कुमार व धर्मपाल अपनी-अपनी बाइक खड़ीं करते हैं। बीती रात चोर दोनों बाइक चुरा ले गए। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है। संवाद