- एलआरपी चौकी क्षेत्र के गांव कलुवापुर का मामला
- मृतक फूलबेहड़ के अगरा गांव का था निवासी
- पत्नी को विदा कराने शनिवार को आया था ससुराल
- मृतक के भाई ने लगाया हत्या कर लटकाने का आरोप
सदर कोतवाली की एलआरपी चौकी क्षेत्र के गांव कलुवापुर में अपनी ससुराल आए युवक का शव रविवार की सुबह एक बाग में आम के पेड़ से लटका मिला है। फूलबेहड़ के गांव अगरा निवासी युवक शनिवार को अपनी पत्नी को विदा कराने आया था। सूचना पाकर पुलिस गांव पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं मामले की खबर मिलते ही मृतक के घर कोहराम मच गया।
फूलबेहड़ थाना के गांव अगरा निवासी 27 वर्षीय मिथुन कुमार की शादी चार साल पूर्व कलुवापुर निवासी शिल्पी के साथ हुई थी। करीब एक माह से शिल्पी अपने मायके आई हुई थी। होली पर मिथुन ने अपनी ससुराल में फोन कर पत्नी को भेजवाने की बात कही थी, लेकिन कई बार फोन करने के बावजूद उसकी पत्नी मायके से घर नहीं आई। लिहाजा शनिवार को मिथुन कुमार स्वयं पत्नी को विदा कराने के लिए ससुराल गया था। शनिवार को ससुरालियों से क्या बातचीत हुई, इसपर सस्पेंस बना हुआ हैै। रविवार की सुबह गांव के पास एक बाग में ग्रामीणों ने मिथुन का शव आम के पेड़ में लटका देखा। मामले की सूचना मिलते ही ससुराल वाले घटनास्थल पहुंचे। वहीं सूचना पाकर एलआरपी चौकी इंचार्ज मनोज सिंह भी गांव पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। मृतक के भाई अंकित कुमार ने आरोप लगाया है कि ससुराल वालों ने हत्या कर शव फांसी पर लटका दिया। चौकी इंचार्ज मनोज सिंह ने बताया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिवार वालों की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है।