मैगलगंज। थाना क्षेत्र के चपरतला मोड़ पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार एक टैंकर अनियंत्रित होकर करीब पंद्रह फुट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद टैंकर में सवार पांचों लोगों को ग्रामीणों की सहायता से सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
लखनऊ-बरेली नेशनल हाईवे का निर्माण कार्य पिछले एक दशक से चल रहा है, लेकिन अभी तक अधूरा है। आलम यह है कि पिहानी मोड़ से चपरतला तक हाईवे का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के कारण सिंगल लेन से ही दोनों तरफ के वाहन गुजर रहे हैं। शनिवार सुबह करीब नौ बजे चपरतला मोड़ के पास महोली में डीजल खाली कर शाहजहांपुर डिपो की ओर तेज गति से जा रहा एक टैंकर अनियंत्रित होकर करीब पंद्रह फुट गहरी खाई में जा गिरा।
गनीमत यह रही कि टैंकर खाली था, अन्यथा बड़ी घटना घटित हो सकती थी। हादसे में टैंकर चालक उन्नाव जिले के गांव तकिया निवासी संतोष और मनिकापुर, संडीला जिला हरदोई निवासी दूसरा ड्राइवर सत्य प्रकाश को चोटें आई हैं। पिहानी के जतनगंज पुल से चपरतला स्थित निर्माणाधीन टोल प्लाजा के बीच वन वे रोड संचालित होने के चलते आए दिन कोई न कोई दुर्घटना होती रहती है लेकिन जिम्मेदार जान कर भी अंजान बने हुए हैं। संवाद