धनगढ़ी (नेपाल)। नेपाल के राष्ट्रीय निकुंज पार्क के वन्यजीवों के जीवन पर संकट के बादल छाए हुए हैं। यहां लगातार हो रही गैंडों की मौत के बाद अब बाघ का शव मिला है। बाघ की मौत कैसे हुई, इसका जवाब पार्क प्रशासन के पास नहीं है। बाघ के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
नेपाल के प्रसिद्ध चार राष्ट्रीय निकुंज पार्क में से भारत-नेपाल सीमा से लगे बर्दिया राष्ट्रीय निकुंज पार्क में सोमवार की देर शाम को मधुवन नगर पालिका वार्ड दो में पड़ने वाले सामुदायिक वनक्षेत्र में एक बाघ का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ है। पार्क के सहायक वन अधिकृत द्रोण शर्मा ने बताया कि पार्क के अंदर से बदबू आने पर तलाश की गई, जिसके बाद सड़ा-गला शव बरामद हुआ।
अनुमान लगाया जा रहा है कि बाघ करीब एक हफ्ता पहले मरा होगा। फिलहाल बाघ के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बाघ की मौत के कारण का पता नहीं चल सका है। बाघ की मौत होने से पार्क प्रशासन में खलबली है। पिछली बार बाघों की गणना 2018 में हुई थी, जिसमें नेपाल में 235 और बर्दिया पार्क में बाघों की संख्या 87 मिली थी।