लखीमपुर खीरी। विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही जिला प्रशासन ने बैनर और होर्डिंग्स हटवाने शुरू कर दिए हैं। शहर में पुलिस टीम के साथ नगर पालिका के कर्मचारियों ने शहर में लगे बैनर होर्डिंस आदि हटा दिए। वाल पेंटिंग भी मिटाने का काम देर रात तक जारी रहा। दीवारों पर लगे पोस्टर फाड़ कर निकाल दिए गए।
गोला गोकर्णनाथ। शनिवार की दोपहर बाद अधिसूचना जारी होते ही प्रशासन अपनी रौ में दिखा। देखते ही देखते पुलिस अधिकारी नगर पालिका कर्मचारियों के सहयोग से नेताओं जनप्रतिनिधियों की होर्डिंग और पोस्टर हटने लगे। शनिवार की शाम चुनाव अधिसूचना जारी होते ही प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडे के नेतृत्व में पुलिस और तहसील प्रशासन ने नगरपालिका कर्मचारियों के सहयोग से नगर के चौराहे, तिराहे, बिजली पोलों और रोड किनारे लगी होर्डिंग और पोस्टरों को हटवाना शुरू कर दिया।
पसगवां /बरवर। चुनावी तारीखों की घोषणा और आचार संहिता लागू होते ही इसका तत्काल पालन भी शुरू हो गया। बरवर कस्बे में चौकी प्रभारी अजीत कुमार ने होर्डिंग आदि उतरवा दीं। इसके लिए उन्होंने क्रेन का भी सहारा लिया। उनके साथ बरवर नगर पंचायत की ईओ सपना भारद्वाज भी रहीं। उधर, जंगबहादुरगंज, पसगवां, उचौलिया आदि में राजनैतिक दलों को होर्डिंग, बैनर अभी लगे हैं।
मोहम्मदी। चुनाव आचार संहिता का एलान होने के बाद पुलिस प्रशासन पालिक ने बैनर होर्डिंग को हटाने का काम शुरू कर दिया। इंस्पेक्टर विवेक कुमार उपाध्याय ईओ डीके मिश्रा ने अभियान चलाकर तहसील गेट रामलीला गेट पर लगे बैनर होर्डिंग हटवाई।
बिजुआ। आचार संहिता लगते ही पुलिस ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए मेन मार्केट बस स्टाफ मैलानी तिराहा नहर पुलिया भानपुर इटकुटी बिजुआ बस्तौला गुलरिया पडरिया तुला मालपुर में रोड के किनारे लगीं होर्डिंग उतरवाई तथा लोगों को आचार संहिता का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी दी कहीं भी भीड़भाड़ न लगाने तथा कोविड को देखते हुए मास्क का प्रयोग करने की सलाह दी।
सिकंदराबाद। विधान सभा चुनाव के लिए चुनाव आचार संहिता लगते ही पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में लगी होर्डिंस और बैनर आदि उतरवाने शुरू कर दिए। प्रभारी निरीक्षक राजकरन शर्मा के साथ पुलिस टीम ने बेहजम कस्बे में लगी होर्डिंग उतरवा दी। बेहजम के अलावा नीमगांव और सिकंद्राबाद भी हार्डिँग्स हटाई गईं।