आईजी रेंज को ट्वीट करने के बाद पांच लोगों पर दर्ज की गई रिपोर्ट, तीन गिरफ्तार
मैगलगंज की फत्तेपुर चौकी पुलिस पर भी वसूली का आरोप
एसपी ने सीओ मितौली को सौंपी मामले की जांच
चपरतला/लखीमपुर खीरी। मैगलगंज थाना की फत्तेपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में चार दिन पहले सीतापुर जिले के एक राब व्यापारी से ऑनलाइन पोर्टल चलाने वाले लोगों ने खुद को पत्रकार बताकर 36 हजार रुपये ऐंठ लिये। मामले में पुलिस के शामिल होने के भी आरोप लगे। घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित के रिश्तेदार ने आईजी रेंज को ट्वीट कर जानकारी दी, जिसके बाद आलाधिकारी सक्रिय हुए। एसपी विजय ढुल के मौके पर पहुंचने के बाद पांच आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सीतापुर जिले के महोली थाना क्षेत्र के गांव बड़ागांव निवासी आलोक कुमार मैगलगंज क्षेत्र में राब और गुड़ बेचने का काम करते हैं। छह अगस्त को मैगलगंज थाना की फत्तेपुर चौकी क्षेत्र के गांव कुसमी के पास मुस्तियाक, गुफरान, रियाज, फैजल और सोनू क्षत्रिय ने आलोक कुमार को गाड़ी समेत रोककर खुद को पत्रकार बताकर धमकाते हुए चारों आरोपियों ने उनसे 36 हजार रुपये लूट लिए थे। यही नहीं आरोपियों ने धौंस दिखाते हुए पीड़ित राब व्यापारी को फत्तेपुर चौकी पुलिस के हवाले कर दिया था। यहां भी आरोपियों ने राब व्यापारी के ऊपर मादक पदार्थ एवं अवैध शराब बनाने के लिए कच्चा माल सप्लाई करने का मौखिक आरोप लगाया और वहां से चले गए। इसके बाद फत्तेपुर चौकी पुलिस ने राब लदी ट्रक को मैगलगंज थाने भेज दिया था।
पुलिस द्वारा मामला दबाए जाने के बाद पीड़ित की ओर से किसी व्यक्ति ने घटना के बारे में पुलिस के आला अधिकारियों को ट्विट के माध्यम से जानकारी दी, जिसके बाद खीरी पुलिस के आला अधिकारी सक्रिय हुए। एसपी विजय ढुल ने सोमवार की रात सीओ मितौली के साथ मौके पर जाकर मामले की जांच पड़ताल की, जिसके बाद पीड़ित राब व्यापारी की तहरीर पर थाना मैगलगंज में कई धाराओं में आरोपी मुस्तियाक, गुफरान, रियाज, फैजल और सोनू क्षत्रिय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। तीन आरोपियों मुस्तियाक, गुफरान, रियाज को गिरफ्तार करके पूछताछ की जा रही है। फैजल एवं सोनू क्षत्रिय की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रकरण में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बरतते हुए मुकदमे की विवेचना मितौली के थाना प्रभारी अनिल सैनी को सौंपी गई है।
जब पुलिस पर लगा रुपये लेने का आरोप तब हरकत में आए अधिकारी
राब व्यापारी से 36 हजार रुपये ऐंठे जाने के मामले में पीड़ित के किसी संबंधी ने मुख्यमंत्री और डीजीपी को ट्वीट किया, जिसमें पुलिस पर 50 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया गया था। आईजी रेंज लखनऊ ने इस मामले को गंभीरता से लिया और 24 घंटे के अंदर जवाब मांगा, तो एसपी खीरी ने खुद मोर्चा संभाला।
मामला संज्ञान में आते ही मैगलगंज थाने में पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण की जांच थाना प्रभारी मितौली को दी गई है। अभी दो आरोपी फरार हैं, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
- विजय ढुल, एसपी