भीषण कोहरे में स्कूल जाती छात्राएं
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। एक माह से बंद स्कूल और कॉलेज सोमवार से खुले तो घने कोहरे के बीच ठंड से ठिठुरते हुए छात्र-छात्राएं विद्यालय जाने को मजबूर हुए। भीषण ठंड के कारण जहां लोग सुबह रजाई में दुबके हैं तो वहीं छात्र-छात्राएं स्कूल जाते दिखे।
कोरोना की तीसरी लहर की रफ्तार को देखते हुए जनवरी में विद्यालय बंद करा दिए। हालांकि पिछले कुछ दिन से संक्रमितों की संख्या कम हुई है। छात्रों के भविष्य को देखते हुए शासन ने सोमवार से कक्षा नौ से 12 तक की कक्षाएं और डिग्री कॉलेज खोलने के निर्देश जारी किए। सोमवार को भीषण ठंड और घने कोहरे के बीच छात्र-छात्राएं स्कूल जाते दिखाए दिए।
पिछले करीब 15 दिन से ठंड ने भी सितम बरपा रखा है। घने कोहरे के साथ गलन भरी सर्दी ने लोगों को जीना दुश्वार रखा है। स्कूल खुलने की सूचना मिलने से छात्र-छात्राओं में एक तररफ खुशी भी थी तो दूसरी तरफ भीषण ठंड में स्कूल जाने को लेकर मायूसी भी।
हालांकि सोमवार को कुछ हुआ भी ऐसा कि सुबह कोहरे की छाई चादर और ठंड को देखते हुए जहां लोगों रजाई छोड़ने की हिम्मत तक नहीं कर पा रहे थे। मगर, छात्र छात्राएं ठंड में ठिठुरते हुए स्कूल जाने को मजबूर दिखे। कोहरे की बीच विद्यालय पहुंचे छात्र छात्राएं काफी देर तक ठिठुरते रहे। उधर, दोपहर में निकली धूप ने राहत पहुंचाई। संवाद