कस्टम इंस्पेक्टर बोले- तस्करी की सूचना पर पहुंची थी टीम
कस्टम कर्मियों ने पहले तहरीर दी, बाद में वापस ले ली
पलियाकलां। नेपाल बॉर्डर पर तस्करी की सूचना पर पहुंची कस्टम टीम पर तस्करों ने हमला कर दिया और गाड़ी में तोड़फोड़ की। मामले में कस्टम कर्मियों की तरफ से पलिया थाने में तहरीर दी गई, जिसे बाद में वापस ले लिया गया।
कस्टम विभाग के इंस्पेक्टर लोकेंद्र गंगवार ने बताया कि उन्हें शाम को सूचना मिली थी कि एक कार में नेपाल से तस्करी का सामान लेकर पलिया की ओर कुछ लोग आ रहे हैं। इसके बाद उन्होंने हवलदार को निगरानी के लिए भेज दिया। इस बीच हवलदार का फोन आया कि उन पर हमला हुआ है और गाड़ी में भी तोड़फोड़ कर दी गई है। मामले में देर रात पुलिस को तहरीर दी गई थी, लेकिन हमला व तोड़फोड़ के कारण किसी की पहचान न होने पर कोई कार्रवाई न करने की बात कहकर तहरीर वापस ले गई।
कस्टम निरीक्षक ने बताया कि सूचना के बाद मोहल्ला अहिरान तक कार का पीछा किया गया, लेकिन कार सवार भाग गए। कस्टमकर्मी से किसने धक्कामुक्की की है और गाड़ी में किसने तोड़फोड़ की है वह उन्हें नहीं पता है। फिलहाल आगे भी यह कार अगर तस्करी के धंधे में लिप्त मिलेगी तो उनकी तरफ से कार्रवाई की जाएगी। पूरे मामले के बारे में उच्चाधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।
थाना के इंस्पेक्टर हरिकेश राय ने बताया कि कस्टम निरीक्षक की तरफ से तहरीर मिली थी, लेकिन बाद में कार्रवाई न करने की बात कहकर लिखित में दे दिया है।