अमर उजाला में मंगलवार के अंक में छपी खबर। संवाद
लखीमपुर खीरी। अग्निशमन विभाग के अफसर नींद से जाग गए। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद उन्होंने मंगलवार को कई रेस्टोरेंट, बार और होटलों की जांच की। जहां भी कमी मिली, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
बार और बड़े होटलों में फायर संयंत्र सही पाए गए। गोवा में हुई अग्निकांड की घटना के बाद शहर के होटल, रेस्टोरेंट की पड़ताल कराई गई थी। पड़ताल के दौरान कई जगहों पर दिक्कतें दिखाई दी थीं। प्रमुखता के साथ छपी खबर का संज्ञान लेते हुए डीएम ने अधीनस्थों को निर्देश जारी किए।
डीएम का आदेश मिलते ही टीम ने जांच शुरू की। टीम ने शहर के फन मॉल, होटल द ग्रेसी के अलावा शहर के आसपास के बार भी देखे। बड़े होटलों में फायर संयंत्र सही पाए गए। वहीं, जहां कहीं कोई कमी थी, उन्हें दुरुस्त कराने के लिए कहा।
अग्निशमन अधिकारी अक्षय रंजन ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कहीं कोई विशेष कमी नहीं पाई गई, जहां भी फायर संयंत्र खराब थे। उनके मालिकों ने उन्हें तत्काल दुरुस्त करा लिया है। अभियान लगातार चलता रहेगा।