अकेले दम पर प्रदेश में सरकार बनाने का दावा
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस की सीएम उम्मीदवार शीला दीक्षित ने रविवार को सपा और पूर्व बसपा सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि गैर कांग्रेसी सरकारों के 27 साल के कार्यकाल में आगे बढ़ने के बजाय यूपी पीछे चला गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बार इन सबको सबक सिखाएगी और यूपी में अपने दम पर सरकार बनाएगी।
उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत में इस जिले से रिश्ता को जोड़ते हुए कहा कि यहां की जेल में 22 दिन बिताए हैं, जब मुलायम सिंह की सरकार में एक बलात्कार पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए इटावा में प्रदर्शन किया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। सिर्फ एक जाति वर्ग विशेष को कुछ भी करने की मनमानी मिली है, अन्य वर्ग हाशिए पर चले गए।
शीला दीक्षित ने कहा कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय का कभी नाम था, लेकिन सरकार की उपेक्षा से साख गिरी है। जिले में बाढ़ की समस्या पर उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार पीड़ितों को मुआवजा नहीं दे रही है। उन्होंने दिल्ली की कुर्सी संभालने से पहले के हालात और फिर कराए गए विकास कार्यों को जनता के सामने रखा। यात्रा में मिल रहे समर्थन का हवाला देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अपने दम पर प्रदेश में सरकार बनाएगी।
इस यात्रा को मौजी नसीरुद्दीन भवन परिसर में एक बजे पहुंचना था, लेकिन निर्धारित समय से करीब तीन घंटे देरी से 4.24 बजे पहुंचीं। इससे पहले कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा से मेन रोड पर लगा जाम
लखीमपुर खीरी। 27 साल यूपी बेहाल यात्रा को शहर के मुख्य मार्गों से होकर निकाला गया, जिसमें आगे-आगे खुली जीप में कांग्रेसी दिग्गज सवार थे, जबकि पीछे दर्जनों कारों का काफिला था। इससे मेन रोड पर जाम लग गया। जब यात्रा हमदर्द चौराहे पर पहुंची तो शहर में कई दिनों से धरना प्रदर्शन कर रहीं आंगनबाड़ी वर्कर्स की भीड़ ने यात्रा को रोककर अपनी मांगे पूरी कराने को कहा। इस पर कांग्रेसी दिग्गजों ने उन्हें सरकार आने पर सभी मांगे पूरी करने का भरोसा दिया। शहर में राजापुर चौराहे से ही यात्रा के स्वागत का दौर शुरू हो गया था। इस तरह शहर राजापुर चौराहा, सौजन्या चौराहा, गांधी चौक, बस स्टेशन रोड से हीरालाल धर्मशाला चौराहा, फिर कोतवाली होते हुए सदर चौराहा होकर मेन रोड से निकली यात्रा सभा स्थल तक करीब दो घंटे में पहुंची। इससे लंबा जाम लग गया, जो सभा खत्म होने के दो घंटे बाद तक लगा रहा।
हर मोर्चे पर सरकार फेल- रीता
यात्रा में शामिल पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी ने सपा के सरकार के जुमले पूरे हुए वायदे पर निशाना साधते हुए बेरोजगारी भत्ता, 18 घंटे बिजली सप्लाई, महिला सुरक्षा के मुद्दों पर सरकार को फेल करार दिया। उन्होंने बुंदेलखंड, पूर्वांचल की बदहाली का जिक्र किया और मुख्यमंत्री अखिलेश के पांच माह तक मेहनत के बाद पांच साल तक राज करन के बयान पर तंज कसा।
क्षेत्रीय दलों की सरकार से जनता त्रस्त
राज्यसभा सदस्य एवं चुनाव प्रचार की कमान संभाले अमेठी के डॉ संजय सिंह ने कहा कि यात्रा में अपार समर्थन मिल रहा है, क्योंकि लोग सपा, बसपा के भेदभाव पीड़ित हैं। मंच से ही उन्होंने भविष्यवाणी करते हुए कहा है कि 2019 के बाद सिर्फ दो पार्टिंयां कांग्रेस और भाजपा ही रह जाएंगी, क्योंकि छोटी पार्टियों का वजूद खत्म होने को है।
सभी सीटे जीतेंगी कांग्रेस- जितिन
जनसभा में पूर्व मंत्री जितिन प्रसाद ने सीएम उम्मीदवार के राजनैतिक अनुभव पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि जिले में विकास कार्य कराने के लिए निरंतर प्रयास किया है और आगे भी करता रहूंगा। उन्होंने जिले की सभी आठ सीटों पर जीत का दावा भी किया।
...जितिन तो हमारे पड़ोसी- नकवी
मंच पर लगी मुख्य होर्डिंग में पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद की फोटो और नाम न होने की चर्चाओं पर डैमेज कंट्रोल करते हुए पूर्व सांसद जफर अली नकवी ने पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद को अपना पड़ोसी बताया, फिर भतीजा भी कहा। कार्यक्रम में शामिल हुई आंगनबाड़ी वर्करों की मांगों का समर्थन किया। सरकार बनने पर मांगे पूरी करने का भरोसा दिया।
यात्रा में दिखा गुटबाजी का असर
कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह से ज्यादा गुटबाजी हावी रही, जिसका असर यह रहा कि मंच की मेन होर्डिंग से लेकर शहर के पोस्टर से पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद की फोटो गायब थी। कार्यकर्ताओं में इसको लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। इस बावत पार्टी पदाधिकारियों ने चुप्पी साधे रखी। वहीं नेता भी कुछ नहीं बोले, सिर्फ पारिवारिक मनमुटाव जैसे शब्दों का प्रयोग किया।
इनकी रही मौजूदगी
मंच पर वीआईपी और पड़ोसी जिलों से आए खास नेताओं को ही बैठने की जगह दी गई। जिलाध्यक्ष राघवेंद्र बहादुर सिंह ने कई बार मंच के कमजोर होने की घोषणा भी कर डाली। मंच पर पूर्व मंत्री माया प्रसाद, प्रेमशंकर अग्रवाल, पूर्व मंत्री राजबहादुर, प्रह्लाद पटेल, पंकज शुक्ला, संजय गोस्वामी, राजीव अग्रिहोत्री समेत हरदोई, कन्नौज से आए पदाधिकारी मौजूद रहे।