- 127 मरीजों का किया परीक्षण, दवाएं दीं
- गांव में दवा का छिड़काव भी किया
जिला अस्पताल के बाहर बेटी की लाश को गांव तक लाने के लिए बाप के भीख मांगने का मामले पर सीएम दफ्तर तक से कॉल आ गई, जिस पर हरकत में आए अधिकारियों ने आननफानन में न सिर्फ डॉक्टरों की टीम गांव भेजकर मरीजों का परीक्षण कराया, बल्कि मलेरिया विभाग की टीम ने गांव में मच्छरों की रोकथाम वाली दवा का छिड़काव भी किया। डॉक्टरों की टीम ने शनिवार को बीमार बच्चों सहित 127 लोगों को परीक्षण किया और दवाएं दी। साथ ही गांव में मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए छिड़काव कराया गया।
सुआतली गांव निवासी रमेश की बुखार पीड़ित 14 वर्षीय पुत्री अंजलि की मौत जिला अस्पताल में हो गई थी। गरीबी के कारण अंजलि का शव घर तक ले जाने के लिए रमेश को भीख मांग कर पैसों का इंतजाम करना पड़ा था। हालांकि इस मामले की खबरें प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया था। वहीं प्रदेश की राजधानी लखनऊ से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से लेकर सीएम दफ्तर से भी मामले की पड़ताल शुरू हो गई, जिससे अधिकारी सकते में आ गए। इसकी यहां खासी चर्चा भी रही। उधर, अधिकारियों ने अब गांव में किसी भी बच्चे की मौत बुखार से न हो इसके लिए सीएचसी मितौली के अधीक्षक डॉ. एएन चैहान, डॉ. संजय वर्मा, सीमा खान, राजेश, पंकज वर्मा, सारिका अंसारी एवं संक्रामक रोग प्रभारी मुकेश खरे, लैब टेक्नीशियन अरविंद कुमार और फार्मासिस्ट पंकज वर्मा ने गांव पहुंच कर करीब 127 लोगों का परीक्षण किया और उन्हें दवाएं दी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. एएन चौहान ने बताया कि गांव में करीब 127 मरीजों का चेकअप कर उन्हें जरूरी दवाएं देकर गांव में मच्छर नाशक टेमीफॉस दवा का छिड़काव कराया गया है।
मलेरिया के लक्षण वाले 20 मरीज भी मिले
सीएचसी अधीक्षक डॉ. एएन चौहान ने बताया कि गांव में करीब बीस लोगों में मलेरिया के लक्षण प्रतीत हो रहे थे, जिनकी स्लाइड बनवाई गई। जांच रिपोर्ट आने पर उनका विधिवत इलाज किया जायेगा।
शासन को भेजी जाएगी मामले की रिपोर्ट
सुआतली की अंजली की मौत के मामले की जांच कर रहे एसडीएम मितौली मंशाराम ने मामले की जांच रिपोर्ट प्रभारी डीएम सीडीओ अमित सिंह बंसल को सौंप दी है। जांच रिपोर्ट में अंजली को बाहर से मंगवाए गए दो इंजेक्शन लगाए जाने की भी बात कही गई है, जिसकी रिपोर्ट एसडीएम ने प्रभारी डीएम को सौंप दी है। हालांकि उधर इस बाबत सीडीओ ने पुष्टि तो कर दी, लेकिन इसका खुलासा करने से इनकार करते हुए बताया कि रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है।
भाजपा ने की निंदा
लखीमपुर खीरी। भाजपा जिलाध्यक्ष शरद बाजपेई ने शनिवार को पार्टी कार्यालय पर एक बैठक में कहा कि एक बाप को अपनी बेटी के शव को घर तक ले जाने के लिए पैैसों की खातिर भीख मांगने की घटना बेहद शर्मनाक है। यह प्रशासन और सरकार की चूक है। जिलाध्यक्ष ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।