रोशननगर कुशमौरी गोवंश पशु आश्रय स्थल का निरीक्षण करते एसडीएम।
- फोटो : LAKHIMPUR
गोला गोकर्णनाथ। एसडीएम अखिलेश यादव ने उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. फारूख और बीडीओ एके सिंह के साथ गोशालाओं का निरीक्षण किया। साथ ही खामियां मिलने पर कर्मचारियों की फटकार लगाई। साथ ही दो नई गोशालाओं का प्रस्ताव भी किया गया।
एसडीएम ने ब्लॉक बांकेगंज के डालपुर ग्रंट गोवंश आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। जहां उन्हें 154 पशु मिले। आश्रय स्थल पर चरही में पानी गंदा मिलने और टीन शेड में गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई। इसके साथ ही जलभराव की व्यवस्था ट्यूववेल से कराने के निर्देश दिए। इस गोशाला के प्रबंध के लिए शासन द्वारा 15 लाख रुपये मिले हैं, जिसमें से 13 लाख रुपया गोशाला की व्यवस्था में लगाया जा चुक ा है। उसके बाद अधिकारियों ने बांकेगंज ब्लॉक की रोशननगर कुशमौरी गोशाला का निरीक्षण किया। जहां 112 पशु संरक्षित मिले। गोशाला परिसर में लगे 10 सोलर पैनलों में से दो के चोरी होने पर एसडीएम ने प्रधान और नियुक्त कर्मचारियों की फटकार लगाई। कर्मचारियों ने उन्हें गोशाला पर एक चरही और एक नया टीनशेड बनवाए जाने की मांग की। इस गोशाला के रख रखाव पर मिले 15 लाख 25 हजार रुपयों में से 13 लाख 25हजार रुपये व्यय हो चुके हैं।
दो गोशालाओं का प्रस्ताव
एसडीएम अखिलेश यादव ने बताया कि गोवंश संरक्षण के लिए ब्लॉक कुंभी की ग्राम पंचायत लंदनपुर ग्रंट के परसादपुर गांव और रोशननगर में नई गोशाला का प्रस्ताव मिला है। धनराशि स्वीकृत होते ही शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
पालतू गोवंश को छोड़ने पर 3900 रुपये जुर्माना वसूला
एसडीएम अखिलेश यादव ने बताया कि नगर क्षेत्र में गोवंश को संरक्षित करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़कों पर घूमते आवारा गोवंश को पकड़कर मूड़ा सरकटा स्थित गोवंश आश्रय स्थल भेजवाया जाएगा। जो पशु पालक अपने पालतू पशुओं को खुला छोड़ते हैं उन पर कार्रवाई की जाएगी। नगर में अभियान चलाते हुए पालतू गोवंश को लावारिश छोड़ने वाले तीन लोगों पर कार्रवाई की गई। नगर पालिका द्वारा उन पशु पालकों से 3900 रुपया जुर्माना वसूला गया।