अभ्यर्थी को नियुक्ति मेरिट के आधार पर ही मिलेगी, निर्देश जारी
लखीमपुर खीरी। पंचायत सहायक पदों पर अपने परिजन की भर्ती कराने के लिए इस्तीफा देने वाले पंचायत सदस्यों का इस्तीफा जिला पंचायत अध्यक्ष स्वीकार करेंगे। उनके परिवार से आवेदन करने वाले अभ्यर्थी को नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। चयन मेरिट के आधार पर होगा। इस संबंध में शासन ने दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं, जिससे पहले इस्तीफा देने की अवधि को लेकर भ्रम की स्थिति बनी थी।
जनपद में 1165 पदों पर पंचायत सहायकों की भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया चल रही है, जिससे अभी तक 50 से अधिक पंचायत सदस्य अपने परिजनों की नियुक्ति कराने में आड़े आ रहे अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं। पहले जारी शासनादेश में कहा गया था कि पंचायत सदस्य, बीडीसी, प्रधान व जिला पंचायत सदस्य के परिजन इस चयन प्रक्रिया में भाग नहीं ले सकते हैं, जिससे तमाम पंचायत सदस्यों ने अपने परिजनों को नौकरी दिलाने के लिए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कई पंचायत सदस्यों के आवेदनकर्ता परिजनों का ग्राम पंचायत की मेरिट में स्थान पहले क्रमांक पर है। इससे अधिकारियों व पंचायत सदस्यों में उहापोह की स्थिति बनी हुई थी, लेकिन अब संशय के बादल छंट गए हैं।
डीपीआरओ सौम्य शील सिंह ने बताया कि जिन पंचायत सदस्यों ने इस्तीफा विधिपूर्वक दिया है, उनके इस्तीफे जिला पंचायत अध्यक्ष के पास स्वीकृति के लिए भेज दिए गए हैं। इन सदस्यों के इस्तीफे स्वीकार होने के बाद उनके परिजनों को मेरिट के आधार पर नियुक्ति मिल सकेगी। इस संबंध में सभी ब्लॉकों के एडीओ पंचायत को निर्देश जारी किए गए हैं।