लखीमपुर खीरी। साइबर ठगों के जाल में फंसकर रकम गंवाने वाले तीन पीड़ितों को बड़ी राहत मिली है। कोतवाली पुलिस ने तीन लोगों को ठगी गई 93,670 रुपये की रकम वापस कराई है।
साइबर ठग तमाम तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। कभी रिश्तेदार बनकर ठगी कर रहे हैं, तो कभी ओटीपी पूछकर। कई बार देखा है कि लोग पुलिस में शिकायत भी नहीं करते हैं। इससे रकम वापस मिलने के उम्मीद समाप्त हो जाती है। कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को तीन मामलों का खुलासा करते हुए ठगी के रकम वापस कराई है।
मीडिया सेल से मिली जानकारी के अनुसार ध्रुव सिंह, प्रभु प्रकाश अग्रवाल व ध्रुव नारायण सिंह ने ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायत की थी। पीड़ितों की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर की। पुलिस के अनुसार ध्रुव सिंह से 32,000 रुपये, प्रभू प्रकाश अग्रवाल से 29,670 रुपये व ध्रुव नारायण सिंह से 32,000 रुपये की ठगी हुई थी।
पुलिस ने साइबर सेल टीम की मदद से ठगी गई 93670 रुपये वापस करा दिए।
साइबर फ्रॉड से खुद का करें बचाव
किसी के साथ बैंक, एटीएम का पासवर्ड साझा न करें।
इंटरनेट और किसी भी तरह के लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी जांच कर लें।
बैंकिंग और वित्तीय लेन-देन के समय सतर्क रहें।
किसी भी अंजाम के साथ बैंक संबंधी कोई भी जानकारी साझा न करें।
लुभावने गिफ्ट और ज्यादा मुनाफे वाले मैसेज से बचें।