दूसरे सोमवार पर छोटी काशी में उमड़ेेंगे श्रद्घालु
भगवा रंग से सराबोर रहीं सड़कें
सावन माह में छोटी काशी श्री शिव की भक्ति में सराबोर है। प्रतिदिन यहां लाखों श्रद्घालु पौराणिक शिव मंदिर में भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं। भगवा रंग का चोला और पैरों में घुंघरू पहने कंधे पर सजी कांवड़ लिए कांवड़ियों के दल नगर की शोभा बने हुए हैं। सोमवार को नगर में भक्तों और श्रद्घालुओं की खासी धूम रहती है, रविवार से ही श्रद्घालुओं ने नगर में विभिन्न स्थानों पर डेरा जमा लिया है।
सावन माह में छोटी काशी के पौराणिक शिव मंदिर में शिव का जलाभिषेक करने हरिद्वार, फर्रूखाबाद, राजघाट आदि स्थानों से प्रतिदिन लाखों श्रद्घालु कांवड़ लेकर आते हैं। सोमवार को जलाभिषेक करने के लिए छोटी काशी को आने वाले मार्गों पर कांवड़ियों के जत्थे हर हर महादेव के जयकारों के साथ भक्ति की धारा बहा रहे हैं।
ममरी। रविवार की शाम को ही श्रद्घालुओं ने मोहम्मदी रोड पर महेशपुर, कंजा बरमबाबा देवस्थान आश्रम, लखीमपुर रोड पर पशुबाजार, केन ग्रोवर्स नेहरू पीजी कालेज और अलीगंज रोड पर मंडी समिति में डेरा जमा लिया है। जो सोमवार को रात में मंदिर के पट खुलने से पहले ही गोकर्ण तीर्थ में स्नान कर पूजन सामग्री लेकर लाइन में लग जाते हैं।
डिग्री कालेज में आज रहेगा अवकाश
गोला गोकर्णनाथ। केन ग्रोवर्स नेहरू महाविद्यालय के प्राचार्य नवनीत कुमार ने बताया कि सोमवार को कांवड़ियों की आवक बढ़ गई है। कालेज में कांवड़ियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है, इसलिए सोमवार को शिक्षण कार्य बंद रहेगा।